- Hindi News
- National
- Darbhanga News The District Administration Will Decide Later On The Closure Of Shopping Malls And Clubs
शॉपिंग मॉल व क्लब को बंद किए जाने पर बाद में निर्णय लेगा जिला प्रशासन
कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने एवं उससे बचाव के लिए जरूरी ऐहतियात बरतने के संबंध में डीएम डॉ. त्यागराजन एस एम की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक की गई। सरकार के निर्देश के आलोक में डीएम ने जिला के सभी विद्यालय, आवासीय विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, कोचिंग संस्थान व छात्रावास को तत्काल प्रभाव से 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश दिया है । जिला अंतर्गत अवस्थित सभी सिनेमा हॉल तथा संग्रहालय भी तत्काल प्रभाव से बंद रखने को कहा गया है। वहीं निजी तौर पर संचालित शॉपिंग मॉल, क्लब आदि को बंद किए जाने के संदर्भ में निर्णय बाद में लिया जाएगा। डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिला के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों को बंद रखने के आदेश को सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। सभी एसडीओ को अपने अपने क्षेत्र के निजी विद्यालय संगठनों के साथ बैठक कर उनसे लोकहित में सरकार के निर्देशों का अनुपालन करने का कहा गया है। डीएम ने कहा कि विश्वविद्यालयों की संचालित सभी परीक्षा भी तत्काल स्थगित रहेगी। डीएम ने कहा कि अबतक बिहार में कोरोना वायरस का कोई केस नहीं मिला है। तथापि सभी लोगों को अपेक्षित सावधानी बरतनी जरूरी है।
एमडीएम की राशि छात्र के खाते में भेजने का निर्देश
एमडीएम डीपीओ को सभी सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था तत्काल स्थगित रखने एवं मध्याह्न भोजन की राशि की गणना कर सीधे संबंधित छात्र के खातों में दिनांक 31 मार्च से पहले जमा करा देने को कहा गया है। सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के लाभुक महिलाओं को टेक होम राशि की व्यवस्था जारी रखते हुए बच्चों के भोजन की राशि की गणना कर अभिभावकों के बैंक खाते में जमा करा देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि 22 मार्च को प्रस्तावित बिहार दिवस का आयोजन भी स्थगित कर दिया गया है। बिहार दिवस के आयोजन के लिए अगली तिथि का निर्धारण बाद में किया जाएगा।