- Hindi News
- National
- Darbhanga News The Rabi Crop Has Been Suffering Due To Drizzle And Strong Winds For Two Days
दो दिनों से हो रही बूंदाबांदी और तेज हवा से रबी फसल को भारी नुकसान
जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बूंदा बूंदी व तेज हवा ने शहर की सूरत बदल दी है। दो दिन पहले शहर व गांव की जिन सड़कों पर धूल उड़ती थी। वहां अब कीचड़ व जलजमाव से लोग परेशान हैं। शहर के गुदरी बाजार, कटरहिया मोहल्ला, हाउसिंग बोर्ड, बरहेता, लक्ष्मीसागर सहित दर्जनों सड़क पर हुए जलजमाव से लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खेत में लगी गेहूं की फसल व आम और लीची की फसल को भी बारिश से काफी क्षति हुई है।
बारिश से फसल के साथ ही ईंट व्यवसाय प्रभावित
जाले में बारिश व हवा से गिरी गेहूं की फसल।
गिरे पौधे में दाना नहीं होने की आशंका से किसान मायूस, बाढ़ ने भी मचाई थी तबाही
नमी के कारण सब्जी की खेती का सुझाव
जाले|शुक्रवार की अहले सुबह से ही हो रही हल्की बारिश के साथ हवा के झोंकों ने किसानों को झकझोर दिया है। मौसम की कहर ने गेहूं, तेलहन, आम व लीची की फसलों को काफी नुकसान किया है। जाले कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. दिव्यांशु शेखर समेत डॉ. आरपी प्रसाद, डॉ. एपी राकेश, अम्बा कुमारी, डॉ. सीमा प्रधान आदि कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए समसामयिक सुझाव दिए हैं। कृषि कार्यों में सावधानी बरतने एवं कटी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के साथ कीटनाशक दवाओं का छिड़काव मौसम साफ रहने पर करने की सलाह दी है। बारिश का लाभ लेते हुए गरमा मूंग एवं उरद की बुआई करने का सुझाव दिया।
किसानों को क्षति का मुआवजा देने की मांग
हनुमाननगर|हफ्ताभर के अन्तराल में दो-दो बार तेज हवाओं के साथ बेमौसम हुई बारिश व ओलावृष्टि के चलते पूरे प्रखंड क्षेत्र में गेहूं, दलहन, तेलहन व आलू की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों और कृषि विशेषज्ञों की मानें तो तेज हवा के झोंके के कारण गेहूं का पेड़ गिर जाने से पैदावार पूरी तरह प्रभावित होगी। सब्जी की खेती टमाटर व शिमला मिर्च की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। जदयू नेता रामनरेश यादव, जयकिशोर यादव, जयशंकर प्रसाद चौधरी, माले जिला सचिव बैद्यनाथ यादव, माकपा नेता श्याम भारती आदि ने सरकार से यथाशीघ्र किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।
बेनीपुर|दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने एक बार पुनः किसानों की नींद हराम कर दी है। ज्ञात हो कि रबी फसल के तेलहन और दलहन में फूल लगने के समय से ही आंधी तूफान और बारिश से फसल नष्ट हो चुका था और गेहूं की फसल को भी काफी नुकसान हुआ था। दूसरी ओर ईंट भट्ठा संचालकों का कहना है कि बेमौसम हो रही इस बारिश ने कच्ची ईंट को व्यापक क्षति पहुंचाई है।