युवक की हत्या के बाद हिंसा भड़काने के मामले में 60 नामजद, एफआईआर
मुफस्सिल थाना के बुद्धगेरे में होली के दिन हुई गोलीबारी में युवक की मौत के बाद हिंसा भड़की थी। हिंसा भड़कने के मामले को लेकर पुलिस के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में दोनों पक्षों से 60 लोगों को नामजद बनाया गया है। केस दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में चिन्हित स्थानों पर छापेमारी में जुट गई है। इधर, गोलीबारी में मारे गए युवक के परिजनों से गुरूवार को मानपुर प्रखंड प्रमुख कोमल अनिता सिंह मिली। प्रमुख ने जिला प्रशासन से मांग किया है कि हत्या में संलिप्त रहे अभियुक्तों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान किया जाए। मांग किया कि ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए यहां पुलिस पिकेट बनाया जाए। बीते मंगलवार की घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। लोग खौफ और दहशत के साए में हैं। अनजान शख्स को देखते ही लोग सहम जा रहे। ग्रामीणों का कहना है, कि गुडडु यादव व अन्य ने सरेआम फायरिंग कर बिटटू साव की गोली मारकर हत्या कर दी थी, वहीं कई और को घायल कर दिया था। वैसे बुद्धगेरे बाजार वासी अपनी सुरक्षा को लेकर खुद को भी तैयार कर रहे और इसकी रणनीति बनाई जा रही है। घटना के तीसरे दिन भी व्यापरियों ने अपनी दुकानें बंद रख अपना विरोध जताया।
वीडियो क्लिप से उपद्रवियों की हो रही पहचान: डीएसपी
उक्त मामलों में पुलिस की कार्रवाई चल रही है। पुलिस वीडियो क्लिप के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है। चिन्हित उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई चल रही है।
घूरन मंडल, डीएसपी वजीरगंज।