पंस की बैठक में 64 लाख की योजनाएं व अनुपस्थित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव पारित
मोहनपुर प्रखंड मुख्यालय के किसान भवन में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख संजय कुमार अकेला की अध्यक्षता में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी के अलावे विभिन्न पंचायतों के मुखिया व पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे । बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पंचम वित्त आयोग की 64 लाख की राशि को क्रियान्वयन किए जाने का योजना पारित किया। वहीं मनरेगा से जुड़ी योजनाओं को पंचायत समिति स्तर पर अभिलेख खोलने, जल जीवन हरियाली से संबंधित योजनाओं का क्रियान्वयन करने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में मटिहानी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सुनीता देवी ने सदन में मांग की कि पंचायत योजना की राशि सभी पंचायत समिति क्षेत्र में बराबर दिया जाए। पंचायत समिति सदस्य सूबेदार यादव ने कहा कि समेकित बाल विकास परियोजना द्वारा संचालित 80 फीसदी केंद्रों का संचालन नहीं होता है। जवाब में सीडीपीओ ने बताया कि सुपरवाइजर के अभाव में कई केंद्रों के संचालन में परेशानी हो रही है। सदस्यों ने स्वास्थ्य , शिक्षा आदि से जुड़े मामले को भी उठाया। समिति की बैठक में आपूर्ति विभाग, पशुपालन विभाग, विद्युत विभाग, कल्याण विभाग एवं कनीय अभियंता आदि से जुड़े पदाधिकारियों की गैर मौजूदगी पर भी लोगों ने सवाल उठाए। इनके खिलाफ कार्रवाई करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी अश्वनी कुमार, सीआई सुरेंद्र सिंह, मोहनपुर थाना के एएसआई दयानंद यादव, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश सिन्हा के अलावे प्रखंड कृषि एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, मुखिया तुला प्रसाद, कमलेश सिंह, राजेंद्र चौधरी, उर्मिला देवी, उप प्रमुख मुन्ना यादव , पंचायत समिति सदस्य सूबेदार यादव ,श्रीधर नारायण यादव ,विश्वास सिंह, उमाशंकर ठाकुर, उमाकांत पासवान समेत अन्य लोग मौजूद थे।
पंचायत समिति की बैठक में उपस्थित लोग।