पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Gaya
  • Gaya News 691 Mm Rainfall In Gaya In 33 Hours Day And Night Temperatures Equal Weather Will Be Clear From Today

33 घंटे में गया में 69.1 एमएम वर्षा, दिन व रात का तापमान बराबर, आज से साफ होगा मौसम

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गया में शुक्रवार की सुबह 08:30 बजे से शनिवार की शाम 05:30 बजे तक सात मिलीमीटर बारिश हुई है, यानि इन 33 घंटों में 69.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। लगातार हो रही बारिश से दिन व रात का तापमान भी बराबर हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार से वेदर थोड़ा क्लियर होगा। दिन के तापमान में वृद्धि होगी, हालांकि जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की आशंका है। शनिवार का मौसम देखे तो दिन भर मूसलाधार के साथ-साथ रिमझिम बारिश होते रही। रूक-रूक कर 24 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। ठंडी हवा से ठंड का अहसास बढ़ गया है। सड़कों पर लोग स्वेटर, जैकेट पहने नजर आए। इधर दो दिनों की हुई वर्षा ने चैत्र के महीने में मॉनसून में हुई बारिश की याद ताजा कर दी। विष्णुपद मेला क्षेत्र में तीन फीट तक बारिश का पानी जमा हो गया। दुर्गाबाड़ी, मुरारपुर, नवागढ़ी, रमना रोड, शाहमीर तक्या मिडिल स्कूल, कलेक्ट्रेट सहित कई मुहल्लों में भारी जलजमाव रहा।

18.7 डिग्री पहुंचा जिले का अधिकतम तापमान

आसमान में छाए घने बादलों के कारण दिन के साथ-साथ रात का तापमान बराबर हो गया है। तापमान की बात करें तो जिले का अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। नमी सुबह में 96 तो शाम में 92 फीसदी दर्ज की गई है। वहीं शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इधर दिन भर आसमान गरजता रहा।

गुरुआ बाजार में स्टेट हाईवे-69 पर जलजमाव से वाहनों के आवागमन में परेशानी


गुरुआ| बाजार से होकर गुजरने वाली डुमरिया-पटना स्टेट हाइवे 69 पर बस स्टैंड के निकट हल्की बारिश में जल जमाव से तालाब की स्थिति बन गई है। इससे उस सड़क पर खासकर छोटे वाहनों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। साथ ही साइकिल एवं बाइक सवार लोगों के लिए सबसे ज्यादा परेशानी बन गया है। व्यवसायियों ने बताया कि डुमरिया-पटना स्टेट हाइवे की निर्माण कार्य के दौरान बाजार में एक किमी सड़क एवं नाला का निर्माण लंबित है। इससे सड़क जाम की समस्या है। इस स्थिति में स्टेट हाइवे सड़क को स्थानीय विधायक राजीव नंदन दांगी के द्वारा पीडब्लूडी में करवाकर एसकेएस कंस्ट्रक्शन द्वारा नाला निर्माण कार्य करीब पांच महीने से किया जा रहा है। इस निर्माण में अनियमितता के कारण कहीं नाला की ऊंचाई अधिक कर दिया है। सड़क पर जमे पानी को नाला में जाने का कोई रास्ता नही छोड़ा गया है। इससे सड़क पर जल जमाव होने से लोगों की समस्या बढ़ गई है। यदि बारिश के मौसम आने से पहले गुरुआ बाजार में सड़क और नाला की निर्माण नहीं हुआ तो आम जनता को उस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाएगा। इधर पथ निर्माण विभाग के जेई सुभाष नारायण यादव ने बताया कि नाला निर्माण के बाद सड़क निर्माण कार्य भी तुरंत करवाया जाएगा। इसके बाद बीच सड़क पर जल जमाव की समस्या समाप्त हो जाएगी। जब तक बाजार के व्यवसायी कंस्ट्रक्शन कंपनी को मदद नही करेंगे सड़क निर्माण कार्य जल्द नहीं होगी।

बारिश से कई मुहल्लों में भारी जलजमाव


बारिश के कारण कई मुहल्लों में भारी जलजमाव दिखा। विष्णुपद मेला क्षेत्र में तीन फीट तक पानी जमा रहा। सबसे खराब स्थिति दुर्गाबाड़ी की रही। इस इलाके के कई घरों में बारिश का पानी भी घुस गया। सड़कों पर भारी जलजमाव से राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। कई वाहन भारी जलजमाव में फंस कर बंद हो गए, जिसे धक्का देकर वाहन चालकों ने बाहर निकाला। वहीं शाहमीर तक्या मिडिल स्कूल में भी चारों ओर पानी जमा दिखा। कलेक्ट्रेट में भी जलजमाव रहा।


शुक्रवार की रात चली तेज आंधी


गया में शुक्रवार की रात काफी तेज आंधी चली। इसकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे थी। कुछ पेड़ों की टहनियां भी टूटी दिखीं। वहीं शनिवार को दिन भर रूक-रूक कर 24 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। बारिश को देखे तो शुक्रवार की सुबह 08:30 से शनिवार की सुबह 08:30 तक 43.1 मिलीमीटर बारिश हुई। शाम 05:30 बजे तक 26.0 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

चैत्र के महीने में मॉनसून में हुई बारिश का दिखा नजारा, विष्णुपद मेला क्षेत्र में तीन फीट तक जमा रहा बारिश का पानी

दुर्गाबाड़ी, मुरारपुर, नवागढ़ी, शाहमीर तक्या मिडिल स्कूल, कलेक्ट्रेट, रमना रोड सहित अन्य जगहों पर भारी जलजमाव

नवागढ़ी मुहल्ले में घुसा बारिश का पानी।

कलेक्ट्रेट में घुसा बारिश का पानी।
खबरें और भी हैं...