घर पर पहुंचे बाइक सवार अपराधियों ने की युवक पर फायरिंग, छर्रा लगा, एक धराया
गया शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत बंग्लास्थान में एक युवक के घर पर पहुंचे अपराधियों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग की। इस घटना में गोली सिर के ऊपर से मामूली अंतर से निकल गई, जिससे बड़ी वारदात होते-होते बची। हालांकि चली गोली के छर्रे से युवक घायल हो गया। घटना गुरूवार की रात्रि साढ़े दस बजे के करीब की बताई गई है। बताया जा रहा कि दीपक कुमार सिन्हा अपने आवास बंग्लास्थान में था। इसी बीच बाइक से सवार होकर तीन अपराधी मुहल्ले में पहुंचे। दीपक को देखते ही अपराधियों ने उसपर गोली चला दी। संयोग था, कि गोली सर के ऊपर से निकल गई। घटना के बाद मुहल्ले में दहशत का माहौल कायम हो गया। वहीं बाइक से रहे तीनों अपराधी मौके से भाग निकलने में सफल हो गए। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। चिन्हित अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। आखिरकार घंटों की कार्रवाई के बाद शुभम कुमार उर्फ गोलू नाम के शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया। यह घूंधरीटांड़ बाईपास का निवासी है। शुभम ने घटना के दौरान साथ में रहे दोनों साथियों के नाम पुलिस को बताए हैं, जिसमें से एक का नाम अंकित कुमार घूंघरीटांड़ बाईपास निवासी और रिसी कुमार रामसागर तालाब के समीप का निवासी दोनों थाना विष्णुपद शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक एक लड़की के साथ आए दिन शुभम उर्फ गोलू छेड़खानी करता था। उस लड़की की शादी तय हो चुकी थी। इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। उसके दुस्साहस का आलम यह था, कि वह लड़की को शादी तोड़ देने को लेकर धमकी भी दे रहा था। इस तरह की जानकारी के बाद दीपक कुमार सिन्हा ने उसके परिवार को इस तरह की हरकत की जानकारी दी थी। घर पर आकर परिवार को इस तरह के मामले की जानकारी देना शुभम को नागवार गुजरा और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर देने की प्लानिंग की।
एक गिरफ्तार, दूसरे को पकड़ने के लिए हो रही छापेमारी: थानाध्यक्ष
बंग्लास्थान में एक युवक को गोली मारने का प्रयास किया गया, हालांकि निशाना चूकने से उक्त युवक की जान बच गई। छर्रे लगने से वह मामूली रूप से जख्मी हुआ है। पुलिस ने इस मामले में शुभम कुमार नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। उसके साथ रहे दो और की तलाश पुलिस कर रही है।
रामाकांत तिवारी, थानाध्यक्ष कोतवाली।