स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और मंहगाई के विरोध में कांग्रेसियों ने किया धरना-प्रदर्शन
प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्रभारी कार्यालय के समक्ष कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर शुक्रवार को एक दिवसीय धरना दिया। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद पांडेय ने बताया कि सीएचसी फतेहपुर में चिकित्सकों की भारी कमी, महिला चिकित्सक की कमी, स्वास्थ्य उपकेंद्रों में एएनएम की कमी, एम्बुलेंस की कमी सहित अनेकों परेशानियों से यहां के लोग जूझ रहे हैं। सरकार इन परेशानियों का निदान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। धरना समाप्ति के बाद अस्पताल परिसर में व्याप्त समस्याओं तथा इलाज के दौरान आने वाली प्रमुख परेशानियों संबंधित एक ज्ञापन सीएचसी प्रभारी डॉ. अशोक कुमार सिंह और बीडीओ कुमुद रंजन को सौंपा गया। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद पांडेय के नेतृत्व में आयोजित धरना में युवा कांग्रेस के बोधगया विधानसभा अध्यक्ष पंकज कुमार पंकज, प्रखंड उपाध्यक्ष बुलंद अख्तर, मुनि सिंह, नंदलाल यादव, मो. सलीम, मंजू देवी, रिंकू देवी, रीता देवी आदि सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
केन्द्र सरकार की दोरंगी नीतियों के कारण गरीबों पर मंहगाई की मार
वजीरगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त कुव्यवस्था और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस के सदस्यों ने धरना प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की दोरंगी नीतियों के के कारण यहां के गरीबों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है और मंहगाई से त्रस्त हैं। मौके पर संगठन प्रभारी रामाश्रय सिंह सहित साधु शरण सिंह, मो. शकूर, प्रदीप मांझी, कुमार श्याम कन्हैया आदि लोग उपस्थित थे।
फतेहपुर में धरना देते कांग्रेस कार्यकर्ता।