कोरोना वायरस: स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द
कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को कोरोना वायरस को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक के बाद डीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी किया। बैठक में सभी विभागों के आपसी समन्वय से कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जागरूक करने और इसका संक्रमण रोकने पर चर्चा की गई। डीएम ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 31 मार्च तक सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, आंगनबाड़ी केन्द्र व सिनेमा हॉल को बंद रखा जाएगा। सरकारी स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चे नहीं आएंगे परंतु शिक्षक व आंगनबाड़ी केन्द्र सेविका-सहायिका उपस्थित रहेगी। इसके अलावा सरकारी पार्क, कम्यूनिटी सेंटर जैसे सार्वजनिक स्थल पर भी कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे और इसकी बुकिंग नहीं की जाएगी। 16 मार्च से आयोजित होने वाले विशेष ग्राम सभा को भी 31 मार्च तक स्थगित कर दिया गया है। हालांकि इनडोर ट्रेनिंग प्रोग्राम पर रोक नहीं लगाई गई है लेकिन इस तरह के आयोजन में भी सावधानी बरतने का निर्देश जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी, डॉक्टर व कर्मियों की छुट्टी भी रद्द की गई है। 31 मार्च तक बायोमेट्रिक हाजिरी को भी स्थगित रखने का निर्देश जारी किया गया है।
विभागों के समन्वय से चलाया जाएगा जागरुकता कार्यक्रम
बैठक में सभी विभागों के आपसी समन्वय से जागरुकता कार्यक्रम चलाए जाएगा। शिक्षा विभाग, सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट और रुरल वर्क डिपार्टमेंट को जागरुकता कार्यक्रम संचालित करने का निर्देश दिया गया है जबकि एनिमल एंड फिशरिज डिपार्टमेंट को खुले में मीट-मछली नहीं बेचे जाने का निर्देश जारी करने की जिम्मेवारी दी गई है।
आईएमए को प्राईवेट प्रैक्टिशनर को जागरूक करने का दिया निर्देश
बैठक में अाईएमए को सभी प्राइवेट प्रैक्टिशनर को जागरुक करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि यदि किसी निजी क्लिनिक या हॉस्पिटल में कोई संदिग्ध केस आता है तो तत्काल इसकी सूचना दें। निजी आइसोलेशन वार्ड व सेंपल कलेक्शन का निर्देश दिया जा सकता है। आईएमए सेक्रेट्री डॉ. वी वी सिंह ने आश्वासन दिया कि इस तरह का निर्देश जारी कर दिया जाएगा।
स्टेशन पर बैनर्स-पोस्टर्स लगाए जाएंगे, बचाव के लिए होगा एनाउंसमेंट
रेलवे के पदाधिकारियों को विभिन्न स्टेशनों पर बैनर व पोस्टर के माध्यम से कोरोना के प्रति लोगों को जागरुक करने का निर्देश दिया गया है। स्टेशनों पर काेरोना से बचाव के लिए एनाउंसमेंट भी करवाया जाएगा। बैठक में डीएम ने कहा कि यदि स्टेशन पर कोई संदिग्ध दिखता है तो उसे तत्काल मास्क पहनाकर रखें और इसके बाद इसकी सूचना सिविल सर्जन को दें। सिविल सर्जन एक एंबुलेंस के साथ टीम तैयार रखेंगे जो संदिग्ध को आइसोलेशन वार्ड में ले जाएगी।
अामलोगों से सावधानी बरतने की अपील
डीएम नेलोगों से अपील की है कि कोराेना वायरस के प्रति पैनिक ना हों परंतु सावधानी जरूर बरतें। उन्होंने कहा कि डीएम ऑफिस, बिहार सरकार व केन्द्र सरकार की ओर से जारी निर्देश का ही पालन करें। सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही बातों पर विश्वास नहीं करें। उन्होंने कहा कि यदि आपके आस-पास कोई संदिग्ध दिखता है तो उसे पास के सरकारी अस्पताल में लाकर इलाज करवाएं। सभी को मास्क लगाने की आवश्यकता नहीं है लेकिन यदि आपको सर्दी-जुकाम है तो मास्क लगाएं। संदेह होने पर जांच सरकारी संस्थानों के माध्यम से ही करवाएं क्योंकि सरकारी संस्थानों में ही वायरल जांच की पुख्ता व्यवस्था है। जहां तक हो सके ऐसे स्थानों या समारोह में नहीं जाएं जहां काफी संख्या में लोगों की रहने की संभावना है।
गया एयरपोर्ट पर कुल 19, 084 यात्रियों की हुई स्क्रीनिंगबैठक में बताया गया कि 12 मार्च तक गया एयरपोर्ट पर कुल 19084 यात्रियों की स्क्रीनिंग हुई है जिनमें 2 संदिग्ध यात्री की पहचान हुई। हालांकि बाद में इन दोनों यात्रियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आया। इसके अलावा 4 सेल्फ डिक्लेयर केस मिले और सभी निगेटिव मिले। इसके अलावा कुल 13 लोगों को 14 दिनों तक होम आइसोलेशन में भी रखा गया था।
कोरोना वायरस को लेकर सर्वविभागीय बैठक में शामिल अधिकारी।
चौकीदारों को भी मिली जिम्मेवारी पुलिस प्रशासन की ओर से जिले के सभी चौकीदारों को यह जिम्मेवारी दी गई है कि यदि अापके क्षेत्र में कोई व्यक्ति संक्रमित देश अथवा क्षेत्र से आया है और उसे सर्दी-खांसी-बुखार है तो इसकी सूचना अपने उच्चाधिकारी को दें। बैठक में डब्लूएचओ के प्रमंडल हेड डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि बोधगया के होटल एसोसिएशन, मॉनेस्ट्री और टूर एंड ट्रेवेल्स ऑपरेटर्स को संदिग्ध यात्रियों की सूचना के लिए अनुरोध किया गया था।
पार्क, कम्यूनिटी सेंटर जैसे सार्वजनिक स्थलों पर भी कोई कार्यक्रम नहीं होंगे
{अधिकारियों संग बैठक कर कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए आपसी समन्वय पर हुई चर्चा