शहर के टोला घूमने आए युवक को सरेआम अपराधियों ने पीठ में मारी गोली, हालत गंभीर
}युवक के पीठ में मारी गई गोली छाती के समीप से होते हुए निकल गई
गया शहर के डेल्हा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में गुरूवार की देर संध्या को अपराधियों ने फायरिंग की घटना की। दोनों घटनाओं में दो युवकों को गोली लगी है, जिन्हें गंभीर हालत में मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डेल्हा थाना के बागेश्वरी भुईंटोली में पंकज कुमार नाम के शख्स को गोली मार दी गई। पीछे से मारी गई गोली छाती के समीप से निकल गई। पंकज की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस संबंध में डेल्हा थानाध्यक्ष अरूण कुमार ने बताया कि बागेश्वरी भुईंटोली के समीप यह घटना हुई है। अपराधियों की गोली पंकज कुमार को लगी है। यह बमबाबा स्थान भुईंटोली का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक गंभीर हालत में रहे युवक का फर्द बयान मेडिकल में लिया जा रहा है। अपराधियों के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी फर्द बयान में ही मिल सकेगी।
मोहल्ले में घूमने को आया था, मार दी गोली
इसके परिजनों ने बताया है कि वह बागेश्वरी भुईंटोली के समीप घूमने को गया था। इसी बीच अपराधियों ने उसे गोली मार दी। इधर, मिल रही जानकारी के अनुसार दो आपराधिक गुटों के बीच मारपीट हो रही थी और इसके बीच फायरिंग भी की जा रही थी। इसी क्रम में पंकज कुमार वहां पहुंचा तो उसे गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद वह मौके पर ही गिर गया। इसे अपराधियों ने पीछे से गोली मारी, जो छाती के समीप से होते हुए निकल गई। गोली लगने से इसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बुधवार को पुलिस ने देशी कट्टा किया था बरामद
गया। विदित हो कि डेल्हा थाना के गुमटी संख्या एक के समीप से पुलिस ने बुधवार को एक देशी कट्टा की बरामदगी की थी। मौके से कुछ गोली भी मिले थे। हथियार किसके द्वारा रखा गया था, इसका पता पुलिस नहीं लगा सकी है।