पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
गया. गया जिले के मानपुर के मुफस्सिल थाना के भदेजा में बेखौफ अपराधियों ने प्रोपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों के दुस्साहस का आलम यह था, कि घर के किचन में घुसकर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान मो. जाहिर (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो प्रोपर्टी डीलर का काम करता था। यह उपमुखिया मो. आबिद का छोटा भाई बताया गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम को मो. जाहिर अपने घर में थे। पत्नी और बेटी भी घर के भीतर ही मौजूद थी। इसी बीच अचानक अपराधी आए और घर में जा घुसे। अपराधियों ने मो. जाहिर को किचन में देखा तो वहां पर पहुंच गए और गोली मार दी। गोली लगने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग उक्त घर की ओर दौड़े तो इस तरह की घटना देख सन्न रह गए। आनन-फानन में लोग खून से लथपथ मो. जाहिर को लेकर मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ था। घर के लोगों की मानें तो प्रोपर्टी डीलर का काम करने के दौरान एक वर्ष पहले एसएस कॉलोनी में एक जमीन की बिक्री की थी। उक्त प्लॉट में पांच फीट जमीन को लेकर खरीददार और प्रोपर्टी डीलर के बीच विवाद चल रहा था। इस घटना का एक कारण यह भी बताया जा रहा है।
सप्ताह भर के भीतर तीन हत्याओं की वारदात से लोगों में आक्रोश
इस तरह की घटना की जानकारी के बाद सिटी एसपी राकेश कुमार, एएसपी डा. संजय भारती, डीएसपी वजीरगंज घूरन मंडल सदल-बल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटना का जायजा लिया। मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पुलिस ने घटना के संदर्भ में जानकारी हासिल की है। वहीं इस तरह की घटनाओं से स्थानीय पुलिस के खिलाफ लोगों में आक्रोश भी व्याप्त है। इधर, मौके पर सदर एसडीओ सहित दंगारोधी दल, बुनियादगंज एसएचओ शशि कुमार राणा, टनकुप्पा एसएचओ विकास चन्द्र यादव, जदयू नेता मो. सुल्तान, मुखिया मो हामिद, अवध बिहारी, मो सलाउद्दीन, मो सोहैल, मो ग़ालिब सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। बता दें कि मानपुर इलाके में हत्या की घटनाओं का सिलसिला जारी है। सप्ताह भर के भीतर तीन हत्या की वारदातें हो चुकी है। जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
हत्या के इस मामले की छानबीन की जा रही है। स्थल से एक मोबाइल को जब्त किया गया है, जिससे संभावना है कि शीघ्र ही इस कांड का खुलासा कर लिया जाएगा। अपराधियों को चिह्नित कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। भूमि विवाद इस कांड के कारणों में से तो नहीं, इसकी भी जांच चल रही है।- घूरन मंडल, डीएसपी वजीरगंज।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.