गोदावरी सरोवर से जल्द ही हटाया जाएगा अतिक्रमण, चारों ओर बनाया जाएगा पाथवे
गयाधाम में हृदय योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए शुक्रवार को डीएम अभिषेक सिंह संबंधित अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया। सर्वप्रथम डीएम ने गोदावरी सरोवर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीपीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि सरोवर के पश्चिमी साइड कॉर्नर के एरिया में अतिक्रमण है। जिसके कारण सरोवर के चारों ओर पाथवे का निर्माण पूर्ण रूप से नहीं हो पा रहा है। डीएम श्री सिंह ने डीसीएलआर सदर को शीघ्र अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। वहीं सीपीडब्ल्यूडी के अभियंता को निर्देश दिया कि नाली का पानी किसी भी हालत में सरोवर में नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरोवर के आगे वाली जमीन के सभी कागजातों की जांच कर एवं 2 दिनों के अंदर नापी करा कर अतिक्रमण मुक्त कराएं। उस एरिया में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
इसके उपरांत उन्होंने सीता कुंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सौंदर्यीकरण के टूटा पाइप देख डीएम ने सीपीडब्ल्यूडी एवं मंदिर के पुजारी को हिदायत दी कि यदि सौंदर्यीकरण के सामान को किसी के द्वारा क्षतिग्रस्त किया जाता है तो उसे चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने देवघाट से सीता कुंड के बीच बनने वाले ब्रिज के लिए स्थल का मुआयना किया। उन्होंने पुल निर्माण निगम एवं नगर निगम को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेक्निकल विजिबिलिटी को देखकर ही कार्य करें। इसके उपरांत उन्होंने यात्री शेड का निरीक्षण किया।
सूर्यकुंड की दीवारों पर लगेगी थ्रीडी पेंटिंग्स
वहीं उन्होंने सूर्यकुंड तालाब का निरीक्षण किया। सूर्यकुंड तालाब के चारों ओर पुराने दीवारों को प्लास्टर कराया जा रहा है। इस दौरान नगर निगम के द्वारा बताया गया कि अक्षरधाम की तरह पैनल युक्त थ्री डी फोटो दीवारों पर लगाया जाएगा। डीएम श्री सिंह ने मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के साथ बैठक कर कौन से थीम पर फोटो लगाया जाएगा यह बात कर लेने का निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को कहा कि पौराणिकता बरकरार रहे यह ध्यान में रखकर कार्य किया जाए। साथ ही यह भी बताया गया कि सूर्यकुंड सरोवर से मोटर के पाइप रोड पर निकले रहने के कारण जाम की समस्या लगी रहती है। डीएम ने पीएचईडी के अभियंता को रोड पर निकले हुए पाइप को अंदर कर स्लोपिंग कराने का निर्देश दिया।
अमृत योजना के तहत एक भी पार्क नहीं बनने पर डीएम ने जतायी नाराजगी
अमृत योजना के तहत शहर के विभिन्न पार्क का निर्माण कराया जाना था। लेकिन अब तक एक भी पार्क का निर्माण नहीं किए जाने पर डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों पर नाराजगी जतायी। डीएम श्री सिंह ने उक्त योजना के तहत शीघ्र पार्क निर्माण कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने गांधी मैदान के इंडोर स्टेडियम के नजदीक डीलक्स शौचालय निर्माण कराने का सुझाव दिया। निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त सावन कुमार, सीपीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता, डीसीएलआर सदर एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।
लक्षमी उद्यान के समीप बनेगा पार्क
निरीक्षण उन्होंने नगर निगम को विष्णुपद मंदिर के दुकानों को सुसज्जित रूप से करने का कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया। ताकि विष्णुपद के मंच के समीप से पूरा प्रागण खुला दिखे। इसके उपरांत उन्होंने लक्ष्मी उद्यान का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने लक्ष्मी उद्यान के बाहरी परिसर में पार्क बनाने का सुझाव दिया। वहीं तुलसी उद्यान में किए जा रहे कार्य में धीमी प्रगति को देखते हुए उसमें तेजी लाने को कहा।
{संबंधित अधिकारियों काे कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश
हृदय योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का डीएम ने लिया जायजा, दिए निर्देश
हृदय योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण।