होली समाप्त होने के बाद भी शहर की मुख्य सड़कों पर से नहीं उठा कचरा
होली का पर्व समाप्त हो गया। निगम प्रशासन का दावा था कि होली के दौरान शहर में साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा जाएगा। यह दावा कितना सही निकला यह तस्वीर बता रही है। शहर के जिला स्कूल से कुछ दूर कोयरीबारी मोहल्ले की तरफ बढ़ने पर एक निजी विद्यालय परमज्ञान निकेतन संचालित है। जिसके ठीक सामने सड़क पर फैले कचरे के ढेर से यहां से गुजरने वाले लोगों को तो परेशानी हो ही रही है। वहीं स्कूल के बच्चे भी इसको लेकर परेशान हैं। इन दिनों देश में कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। वहीं दूसरी तरफ शहर की सड़कों व गलियों में होली समाप्ति के बाद भी शुक्रवार को कूड़े कचरे का उठाव नहीं किया गया।
इसी तरह शहर के बैरागी, छोटकी नवादा, नई गोदाम, कोयरीबारी, डेल्हा, खरखुरा आदि मोहल्ले में कूड़े कचरे का ढेर लगा है। इस मोहल्ले में रहने वाले लोगों का कहना है कि कूड़े कचरे का उठाव करने वाले नगर निगम के सफाई मजदूर गुरुवार को नहीं आए। जबकि होली पर्व व रविवार को लेकर शहर में साफ सफाई का काम नहीं हो सका। जिसके कारण हर तरफ कूड़े कचरे का ढेर लगा है। लोगों ने निगम प्रशासन व क्षेत्रीय वार्ड पार्षदों से साफ सफाई का काम तेजी से कराते हुए लोगों को इससे हो रही परेशानी दूर कराने की मांग की है।
शहर के परमज्ञान निकेतन स्कूल के सामने सड़क पर लगा कूड़े कचरे का ढेर।