पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मटका फोड़ के साथ मना रंगों का त्योहार, रंग, अबीर और गुलाल की हुई बारिश, थिरके लोग

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मटका फोड़ के साथ बुधवार को रंगों का महापर्व “होली’ हर्ष व उत्साह के साथ मना। रंगों की बारिश में शहरवासी सराबोर दिखे। रंग, अबीर व गुलाल जमकर उड़ाए गए। रंग-बिरंगें रंगों में रंगे युवाओं की टोली ने होली गीत “रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे, अरे कैने मारी पिचकारी तोरी भींगी अंगिया ओ रंगरसिया रंगरसिया..., होली खेले रघुवीरा अवध में...’’’’ पर खूब डांस किया। हर गली, हर मुहल्ले और चाैक-चाैराहों पर यह गाना सुनने को मिला। इन गानों ने होली के रंग को और भी रंगीला बना दिया। छोटे-छोटे बच्चों ने पिचकारियों में रंग भर सड़कों पर मस्ती की। घरों में रहने वाले लोगों ने छत से रंगों की बारिश की। आने-जाने वाले राहगीरों को रंग व पानी से सराबोर कर दिया, हालांकि बुधवार को आसमान में छाए घने बादलों से दोपहर 12:00 बजे तक रंगों का पर्व थोड़ा फीका रहा।

होलिका दहन के साथ शुरू हुआ होली का पर्व

जिले में विधि-विधान के साथ शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। इस बार पुलिस की मौजूदगी ज्यादा दिखी। होलिका दहन का दर्शन करने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे। यहां पर होलिका को नारियल, दूध और गेहूं की बालियां चढ़ाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने होलिका की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के कोईरीबारी, राजेन्द्र आश्रम, नादरागंज, चांद चौरा, रामसागर, मां मंगलागौरी, बाइपास, घुघड़ीटांड़, स्टेशन सहित अन्य मुहल्ले में होलिका दहन किया गया।

मटका फोड़ ‘झुमटा’ के साथ संपन्न हुआ होली का त्योहार


शहर के कोईरी बारी, नादरागंज, राजेन्द्र आश्रम, दिग्धी तालाब, डेल्हा, खरखुरा, शिवनगर कॉलोनी, बुद्धा कॉलोनी, एकता कॉलोनी, परैया रोड, भटविगहा, बंडाविगहा, रेलवे कॉलोनी आदि इलाकों में मटका फोड़ने को लेकर युवाओं में जबर्दस्त उत्साह रहा। मटका को पैसा, फल, फूल, बिस्किट से सजाकर टांगा गया था। इसके पूर्व झुमटा जुलूस भी निकाला गया।

पिचकारियों से रंगों की हुई बौछार, लोगों ने की मस्ती


बच्चों की टोलियों ने पिचकारियों से दो दिनों तक रंगों की बौछार की। लोगों ने एक-दूसरे को रंगों के पर्व की बधाइयां भी दी। होली खेलने के लिए युवाओं ने इस बार सूखे रंगों का ज्यादा प्रयोग किया। सुबह से शुरू हुई होली की मस्ती शाम तक चलती रही। कई इलाकों में देर रात तक बैंड-बाजा की धुन पर युवकों ने डांस किया। युवाओं की टोलियां बाइक पर घूमती भी नजर आयी।

धूमधाम से मनी होली, रंगों से सराबोर हुए लोग

मोहनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में रंग-पर्व होली मंगलवार को आपसी प्रेम एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाई गई। लोगों ने एक-दूसरे को रंगों से सराबोर कर दिया। एक दूसरे को रंगों से सराबोर कर लोगों ने पारंपरिक तरीके से होली का आनंद लिया। दिन में टोलियों में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग एवं बच्चे घूम-घूम कर लोगों को रंग लगाते दिखे जबकि शाम से घरों को जाकर मिलने व अबीर लगाने का सिलसिला शुरू हो गया जो देर रात तक चलता रहा। छिटपुट मारपीट की घटनाओं को छोड़कर पूरे प्रखंड में शांति व्यवस्था बनी रही। थानाध्यक्ष रवि भूषण ने बताया एक दो जगह छोड़कर सभी जगह होली शांति पूर्ण रूप से मनाया गया है।

मटका फोड़ प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

वजीरगंज| वजीरगंज प्रखंड के वजीरगंज बाजार , अढवा, तरमा, केनार, जमुआवा आदि क्षेत्रों में मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहने के बाद भी मटका फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं की टोली ने मटका फोड़ कर रखे गए इनाम को प्राप्त किया। अढ़वा गांव में शशि कुमार की देखरेख में आयोजित मटका फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं की टोली ने मटका फोड़कर 5 हजार रुपये इनाम की राशि को प्राप्त किया।

होली को लेकर चौक-चौराहों पर तैनात दिखे पुलिसकर्मी, असामाजिक तत्वों पर रखी जा रही थी नजर

मटका फोड़ती युवाओं की टोली।

होलिका दहन।
खबरें और भी हैं...