वर्चस्व की लड़ाई में की 15 राउंड फायरिंग, युवक घायल
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने के लिए अपराधियों द्वारा आए दिन गोलीबारी कर दहशत फैला देना आम हो गया है। सिलसिलेवार तरीके से जारी इस तरह की घटना गुरूवार को भी सामने आई। गांधी नगर व मलहटोली के आपराधिक प्रवृति के युवकों के बीच गोलीबारी में राजेश कुमार नाम के युवक को एक गोली लगी है, गंभीर हालत में उसे मेडिकल रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम गांधी नगर के अपराधियों द्वारा मलहटोली स्थित ब्रह्मस्थान में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेडिकल में भर्ती कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों के एक गुट द्वारा लगातार पन्द्रह से ज्यादा चक्र गोलियां चला कर दहशत फैला दिया गया।
अवैध धंधे को लेकर हो रही इस तरह की घटनाएं: अपराधियो द्वारा उक्त क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब, लॉटरी के धंधे पर वर्चस्व के लिये लगातार दूसरे दिन गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। इस संबंध में डीएसपी घूरन मण्डल ने बताया कि घायल युवक को इलाज के लिये भेज दिया गया है। लिखित आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।