- Hindi News
- Local
- Bihar
- Gaya
- Gaya News Firing And Balloting Continued In Manpur For The Third Consecutive Day All The Crooks Who Ran Away Seeing The Police
मानपुर में लगातार तीसरे दिन भी जारी रही फायरिंग और रोड़ेबाजी, पुलिस को देखकर भाग खड़े हुए सभी बदमाश
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराधी बेलगाम हैं। पुलिस की चौकसी को धता बताते हुए दो आपराधिक गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में शुक्रवार को फायरिंग और रोड़ेबाजी की घटना हुई। मुफ्फसिल थाना के गांधी नगर और मलहटोली में लगातार तीसरे दिन इस प्रकार का मामला सामने आया। सुबह में ही मलहटोली स्थित ब्रहम स्थान के समीप फायरिंग और रोड़ेबाजी की घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गांधी नगर मुहल्ले से पहुंचे दर्जन भर आपराधिक प्रवृति के लोगों ने दहशत फैलाने की मंशा से इस तरह की घटना की। हालांकि सूचना के बाद मुफ्फसिल थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के आने की भनक लगते ही अपराधी भाग निकले। इस तरह की घटना से त्रस्त शांतिप्रिय लोगों ने बताया कि इस तरह की घटनाओं से काफी त्रस्त हो चुके हैं। पुलिस को ठोस कार्रवाई करने की जरूरत है। शाम ढ़लते ही इलाके में शराब और नशीले पदार्थ की बिक्री और सेवन शुरू हो जाता है, जो रात तक चलता है। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। अवैध धंधे लॉटरी आदि को लेकर वर्चस्व की लड़ाई भी कारण बन रहे।
गुरुवार को दो को गोली मारी थी, बदला लेने की मंशा से फिर घटना
जानकारी हो कि गुरूवार की देर शाम फायरिंग में गांधी नगर के पिंटू पासवान और हिमांशु पासवान घायल हो गए थे। इसे लेकर उसके समर्थक बदले की भावना से शुक्रवार को पहुंचे और फिर से फायरिंग से मुहल्ले में खौफ पैदा कर दिया। चार राउंड फायरिंग किए जाने की खबर है। इस संबंध में वजीरगंज डीएसपी घूरन मंडल ने बताया कि अपराधियों पर नकेल कसने के लिए मुफ्फसिल और बुनियादगंज थाना के तेज-तर्रार पुलिस पदाधिकारियों की एक टीम बनाई गई है। जल्द ही इस तरह के प्रवृति वाले तत्वों के खिलाफ नकेल कस दी जाएगी।
बुद्धगेरे बाजार को चौथे दिन भी व्यवसायियों ने रखा बंद, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की
मानपुर| होली के दिन बुद्धगेरे बाजार में सरेआम युवक की गोली मारकर हत्या की घटना के खिलाफ व्यवसायियों ने चौथे दिन भी दुकानों को बंद रखकर अपना विरोध जताया है। हत्या की घटना में संलिप्त रहे अपराधियों की गिरफ्तारी होने तक दुकानें बंद रख आंदोलन के संकेत दिए हैं। बता दें कि होली के बीच बिट्टू साव की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पूर्व नियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया गया था। इस दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।
बुद्धगेरे बाजार में पसरा सन्नाटा