शहर के पांच वार्डों को जलजमाव से मिलेगी मुक्ति
नगर पंचायत अंतर्गत मउ पईन से रकवा तक नाला एवं सड़क का निर्माण कार्य नगर पंचायत की अध्यक्षा पिंकी कुमारी द्वारा पूजा कर प्रारंभ किया गया। मालूम हो कि बरसात के दिनों में नगर पंचायत के दक्षिण वाले क्षेत्र में जल जमाव की समस्या इसी नाले के कारण बनी रहती है। पानी का सही तरीके से निकास नहीं हो पाता है, इसी समस्या को ध्यान में रखकर स्थानीय विधायक अभय कुमार सिन्हा ने इस निर्माण की अनुशंसा की थी। नाले व सड़क के निर्माण की स्वीकृति नगर विकास विभाग से दी गई थी। इसके निर्माण के लिए प्राकल्लित राशि 2 करोड़ 67 लाख रुपए रखी गई है। उक्त निर्माण कार्य पूरा हो जाने से शहर के वार्ड संख्या 9, 10, 11, 12 व 13 के अधिकांश क्षेत्रों को इसका लाभ मिलेगा व जल जमाव से मुक्ति मिलेगी। पूर्व उपाध्यक्ष सह नगर के विधायक प्रतिनिधि अमित वर्मा ने बताया कि यह योजना काफी महत्वपूर्ण है। इसके स्वीकृति के लिए स्थानीय विधायक का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना ऐतिहासिक शहर टेकारी के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होगा। साथ साथ उन्होंने यह भी कहा कि इसके अतिरिक्त मउ पईन की सफाई व निर्माण भी काफी आवश्यक है, जब तक इसकी पूरी तरह से सफाई नहीं हो जाती है तब तक इस योजना का पूरा लाभ आम नागरिकों को मिलना मुश्किल है।
बारिश में कई इलाके हो जाते थे जलमग्न
मालूम हो कि पिछले बरसात के दिनों में जलजमाव के कारण शहर की आधी आबादी जलमग्न हो गई थी। तत्पश्चात विवेकानंद कॉलोनी में मउ पईन की चिह्नित स्थानों पर सफाई करवाई गई थी, तब शहर से पानी निकाला जा सका था। नाले के निर्माण कार्य शुरु होने से स्थानीय नागरिकों में काफी उत्साह है। इस मौके पर वार्ड पार्षद उपेंद्र कुमार कौशल, अध्यक्ष प्रतिनिधि हरिओम यादव, शिवनगर पंचायत के मुखिया सुबोध सिंह, जदयू नेता लाल बाबू सहित दर्जनों नागरिक शामिल थे।
मऊ पइन के पास लगा निर्माण कार्य व उपस्थित स्थानीय लोग।