पुलिस के हत्थे चढ़ा हार्डकोर नक्सली महेश दास, लंबे समय से था फरार
थाने की पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर परैया थाना क्षेत्र के बाली गांव से प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के हार्डकोर सदस्य महेश दास उर्फ सुरेंद्र दास को बड़े ही नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया है। महेश दास चाल्हो जोन में दुर्दांत नक्सली की श्रेणी में आता है। जो करीब चालीस वर्षों से संगठन से जुड़ा हुआ है। कई नक्सली घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में इसके पहले भी कई बार जेल जा चुका है। जिसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। सहायक थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि महेश दास पर आठ वर्ष पहले अमरपुर गांव के टोला बालापर गुरुआ-गुरारु सड़क मार्ग पर संचालित लक्ष्मी ट्रैवल्स यात्री बस के मालिक मनोज कुमार सिंह के साथ मारपीट कर किराना दुकान में आग लगा दिए जाने का मामला दर्ज है। इस घटना में पुलिस को काफी दिनों से तलाश थी।