बारिश व ओलावृष्टि से हुए फसल नुकसान की क्षतिपूर्ति देने का निर्देश
बिहार सरकार के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में बेमौसम बरसात और ओला वृष्टि से हुए नुकसान पर समीक्षा बैठक की। बैठक में कृषि मंत्री ने किसानों को हुए नुकसान पर क्षतिपूर्ति देने का निर्देश दिया। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि 14 मार्च तक जिले में कुल 43.4 मिमी बारिश हुई है। फरवरी माह में हुई बारिश व ओला वृष्टि से कुल 630 हेक्टेयर में लगी फसल को नुकसान हुआ है। सबसे अधिक नुकसान मसूर फसल को हुआ है जो कुल 519 हेक्टेयर में लगी है। इसके अलावा 26 हेक्टेयर चना और 13 हेक्टेयर में लगी राई फसल का भी नुकसान हुआ है। मार्च में हुई बारिश से गेहूं की फसल को भी नुकसान हुआ है जिसका आकलन किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि सरकार ने नुकसान की भरपाई के लिए क्षतिपूर्ति देने का एलान किया है जिसके लिए 9 मार्च से आवेदन लिए जा रहे हैं। 14 मार्च तक गया जिला में 33 हजार ऑनलाइन आवेदन किया गया है। क्षतिपूर्ति राशि 30 दिनों में किसानों के खाते में दी जाएगी जो अधिकतम दो हेक्टेयर के लिए होगी। प्रति हेक्टेयर क्षतिपूर्ति राशि 13 हजार 5 सौ रुपए दी जाएगी। बैठक में कृषि मंत्री ने कोरोना वायरस को लेकर भी समीक्षा की।