दो शिक्षक और बैंककर्मी के घर से लाखों की चोरी
इमामगंज श्यामनगर में एक मकान में किराए पर रहने वाले तीन लोगों के कमरों को चोरों ने खंगाल डाला। होली के दौरान बंद कमरों को देख चोरों ने आराम से इस प्रकार की घटना की।
इस संबंध में मकान मालिक आशीष पांडेय ने बताया कि किराएदार होली की छुटटी में अपने घरों को चले गए थे। इसी बीच मौका देख घुसे चोरों ने किराएदार के रूप में रहने वाले शिक्षक प्राणनाथ, शिक्षक दीपू नारायण एवं बैंककर्मी गोपी कुमार के बंद कमरों के ताले तोड़ दिए और लाखों की संपत्ति की चोरी कर ली। बताया कि चोरी गई संपति का सही आकलन क्या है, यह पीड़ितों के लौटने के बाद ही सही रूप से पता चल सकेगा। वहीं घटना को लेकर डा. दिग्विजय ने बताया कि डाकबंगला परिसर में थाना से कुछ दूरी पर जुआरियों का ठिकाना रहता है। थाना के बगल में इस तरह का ठिकाना होना चिन्ता का विषय है, उक्त तत्वों के द्वारा ही संभवत: इस तरह की चोरी की घटना की गई हो। इस संबंध मे थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की छानबीन की जा रही है।