नालों की सफाई पर दो करोड़ खर्च करेगा नगर निगम, मांगी गई सूची
पिछले दो दिन से हो रही बारिश से शहर में कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसी स्थिति और जगहों पर उत्पन्न नहीं हो इसके लिए मेयर-डिप्टी और अधिकारी लगातार बैठक कर निर्देश दिए जा रहे हैं। शनिवार को भी गया नगर निगम सभागार में मेयर गणेश पासवान की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें नालों की सफाई पर चर्चा की गई।
मौके पर डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि बारिश रुक जाने के बाद शहर के 280 नालों की तुरंत सफाई होगी। उन्होंने सफाई से जुड़े पदाधिकारी को कहा कि सोमवार को सभी जमादारों के साथ बैठक कर नालों की सूची दें और सफाई का कार्य जल्द शुरू कराएं। उन्होंने कहा कि काम जल्द शुरू हो इसके लिए निगम लगभग दो करोड़ की राशि से नालों की सफाई विभागीय स्तर पर करने का फैसला लिया है। जिससे कार्य ससमय पूरा हो सके। बैठक में पार्षद शम्स तबरेज उर्फ जॉनी, ओमप्रकाश सिंह, मो. मंजर, जेई दिनकर प्रसाद, एई शैलेंद्र कुमार सिन्हा आदि मौजूद थे।
दुर्गाबाड़ी रोड में घरों में घुस रहा नाला का पानी
बॉटम नाला के कारण बारी व दुर्गा बाड़ी रोड में जलजमाव समस्या की नासूर बने समस्या को लेकर पार्षद नैयर ने कहा कि बॉटम नाला का पानी सभी के घरों में घुसना शुरू हो गया है। उन्होंने पूछा कि इस समस्या का हल कैसे होगा। उन्होंने कई सुझाव भी संबंधित पदाधिकारी को दिए। इस पर डिप्टी मेयर ने संबंधित अधिकारियों को तुरन्त 20-20 एचपी के दो हाई डिस्चार्ज मशीन लगाने और उसे 24 घंटा चलाकर पानी निकालने का आदेश दिया। मनसरवा नाला की सफाई की चर्चा के दौरान नगर आयुक्त सावन कुमार ने कहा इसकी सफाई प्रर्याप्त नाला मैन लगाकर और पोकलेन मशीन से कराएं। साथ ही गेवाल बिगहा पईन नाला, रेलवे सिनेमा स्थित नाला की सफाई के लिए संबंधित पार्षदों ने अपनी बात रखी।
िगम सभागार में बैठक करते मेयर-डिप्टी मेयर नगर आयुक्त व निगम के अन्य अधिकारी