हत्यारे आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी
करीब 10 दिन पहले मारपीट की घटना में जख्मी दाउदनगर के तिवारी मुहल्ला निवासी 42 वर्षीय अवधेश तिवारी की मौत पटना में इलाज के दौरान हो गयी थी। घटना के संबंध में मृतक के भतीजा धीरेंद्र तिवारी द्वारा पटना पुलिस को दिए गए बयान के आधार पर दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें भखरुआं निवासी संजय सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के भतीजा हरेंद्र उर्फ मोनू तिवारी ने बताया कि दो मार्च को अवधेश तिवारी के साथ मारपीट की घटना घटी थी, जिसमें वे गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे। इलाज के दौरान ही गुरुवार की शाम अवधेश तिवारी की मौत हो गई थी। जिसके बाद शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर थाना का घेराव किया था, तब जाकर एफआईआर दर्ज की गई थी। दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि दो मार्च को अवधेश तिवारी घर से बकाया वसूली के लिए निकले थे। शाम में वापस लौटने के क्रम में तरारी गांव के पास रास्ते में रोककर आरोपी भखरुआं निवासी संजय सिंह ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया था।