भाजपा विधान पार्षद को राज्यसभा उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर नाराजगी
गया | भाजपा नेता व विधान पार्षद कृष्ण कुमार सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार नहीं बनाए जाने और डॉ. सी पी ठाकुर के बेटे विवेक ठाकुर को उम्मीदवार बनाए जाने से जिला भाजपा के एक खेमे में नाराजगी है। हालांकि सार्वजनिक तौर पर कोई भी इसके लिए विरोध नहीं जता रहा है लेकिन सोशल मीडिया पर दर्द छलक रहा है। भाजपा मीडिया प्रभारी युगेश कुमार ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में एक पोस्ट डाला जिसपर मिश्रित प्रतिक्रिया आई है। कोई इसे भाजपा का कांग्रेस की तरह वंशवाद की ओर बढ़ता कदम बता रहा है तो कोई जमीनी स्तर के कार्यकर्ता का इग्नोर करना। हालांकि कुछ लोगों ने इसे अन्य नजरिए से देखने की बात भी कही है। फेसबुक पर डाले इस पोस्ट में कुछ अन्य दलों के लोग भी कूद पड़े और अपनी भड़ास निकाली। कुल मिलाकर देखें तो राज्यसभा की उम्मीदवारी तय होने के बाद जिला भाजपा का एक बड़ा खेमा की नाराजगी साफ झलक रही है। यहां बता दें कि कृष्ण कुमार सिंह वर्तमान में विधान पार्षद हैं जिनका कार्यकाल जल्द ही पूरा होने वाला है। श्री सिंह जनसंघ में वर्ष 1970 और 1980 में भाजपा के स्थापना काल से इसके सदस्य हैं। उन्होंने एक कार्यकर्ता के तौर पर अपनी राजनीतिक पारी शुरू की थी और जिलाध्यक्ष के पद पर भी कई वर्षों तक काबिज रहे।