- Hindi News
- Local
- Bihar
- Gaya
- Gaya News The Freight Train Engine Failed Between Paharpur Vanshinala Duronto And Other Trains Stuck For Hours
पहाड़पुर-वंशीनाला के बीच मालगाड़ी का इंजन हुआ फेल, घंटों फंसी रहीं दुरंतो सहित अन्य ट्रेनें
गया-कोडरमा रेल सेक्शन के पहाड़पुर-वंशीनाला रेलवे स्टेशनों के बीच शुक्रवार की सुबह डाउन लाइन पर एक मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। इसके कारण करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। दुरंतो और अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर रुकी रही। ट्रेनों का परिचालन बाधित रहने से यात्री परेशान रहे। रेल सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 8:48 बजे डाउन लाइन से गुजर रही मालगाड़ी ट्रेन का इंजन वंशीनाला वल्वे हॉल्ट से गुजरने के बाद किमी संख्या 441/8 पर फेल कर गई। इस कारण मालगाड़ी वही रुकी रही। बताया गया मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया था। जिसके कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। इस दौरान 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस बंधुआ स्टेशन पर 16 मिनट व टनकुप्पा स्टेशन पर 50 मिनट और 12260 दुरंतो एक्सप्रेस मानपुर स्टेशन पर 55 मिनट रुकी रही। इसके अलावा अन्य ट्रेनें जहां-तहां स्टेशनों पर फंसी रही। रेल सूत्रों ने बताया कि पहाड़पुर स्टेशन से दूसरी इंजन को भेजा गया। जिसे मालगाड़ी में जोड़कर 10:22 बजे आगे की ओर रवाना किया गया। इसके बाद डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ। मालगाड़ी का इंजन फेल होने से डाउन रेल लाइन पर 8:50 बजे से 10:22 बजे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। मानपुर स्टेशन पर खड़ी दुरंतो एक्सप्रेस 10:36 बजे वहां से खुली।