बीएड प्रवेश परीक्षा में 10 केंद्रों पर 14235 परीक्षार्थी होंगे शामिल
सूबे में बीएड 2020 के लिए सभी विवि के बीएड कॉलेज व अध्ययन केंद्रों में दाखिले के लिए कॉमन प्रवेश परीक्षा होगी। प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण छात्रों का ही बीएड में दाखिला होगा। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। 2020 में परीक्षा का दायित्व ललित नारायण मिथिला दरभंगा विवि को दिया गया है व उसके रजिस्ट्रार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा परीक्षा के संचालन के लिए सभी विवि ने एक-एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए हैं। गया के 14 हजार 235 छात्र परीक्षा में हिस्सा लेगें। परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन का उचित ख्याल रखना होगा। परीक्षा 120 अंकों की होगी। परीक्षा 29 मार्च को होगी व 15 अप्रैल को परिणाम घोषित होगें।
बीएड प्रवेश परीक्षा के नोडल अधिकारी प्रो सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पहले 10 हजार छात्रों के लिए तैयारी की जानी थी, लेकिन ज्यादा छात्रों ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया। अब परीक्षा के लिए गया कॉलेज गया, एएम कॉलेज, जगजीवन कॉलेज, डीएवी कैंट, मानव भारती, ज्ञान भारती पहाड़पुर, डीएवी रोटरी, डीएवी मेडिकल, सेकेंडरी डीपीएस सहित कई परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
120 अंकों की होगी परीक्षा
दो घंटे की परीक्षा में 120 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के जवाब देने होगें। बुकलेट के साथ लगे ओएमआर शीट पर जवाब देने हैं। सामान्य अंग्रेजी से 15, सामान्य हिंदी से 15, लॉजिकल व रीजनिंग से 25, जेनरल अवेयरनेस से 40 व टीचिंग लर्निंग से 25 प्रश्न पूछे जाएगें। गलत उत्तर पर निगेटिव अंक नहीं कटेगें। सभी प्रश्न एक अंक के होगें।
35 फीसदी अंक पर होंगे क्वालिफाई
प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण को सामान्य के लिए न्यूनतम 35 फीसदी अंक निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के लिए 30 फीसदी अंक लाना अनिवार्य होगा। 50 फीसदी सीट विभिन्न कोटे के तहत आरक्षित रहेगी।
तिथि को रखें याद
{प्रवेशपत्र डाउनलोड की शुरुआत 23 मार्च
{संयुक्त प्रवेश परीक्षा 29 मार्च
{परीक्षाफल का प्रकाशन 15 अप्रैल
{पहला राउंड कौंसिलिंग 20 अप्रैल
{दूसरा राउंड कौंसिलिंग 12 मई
{तीसरा राउंड कौंसिलिंग 01 जून
{स्पॉट राउंड 15 जून
{क्लास की शुरुआत 01 जुलाई
इनका रखें ध्यान
परीक्षा के दौरान मिलने वाले ओएमआर शीट को साफ-सुथरा रखें। इसे नुकसान न पहुंचाएं। नुकसान व गंदे ओएमआर शीट को रद्द माना जाएगा। एक ओएमआर शीट को परीक्षा के बाद परीक्षा भवन में जमा करें व दूसरे को साथ ले जाएं। प्रश्न पत्र पर दिए गए निर्देश को जरूर पढ़ें। परीक्षा के दौरान समय का प्रबंधन इस प्रकार करें कि प्रश्नों के उत्तर को दोहराने का समय मिले।
सभी विवि ने नियुक्त किए हैं एक-एक नोडल पदाधिकारी