- Hindi News
- Local
- Bihar
- Gaya
- Gaya News Two People Killed In Manpur Within 24 Hours Many Policemen Injured House And Vehicle Burnt In Fierce Mob Attack
मानपुर में 24 घंटे के भीतर दो लोगों की हत्या, उग्र भीड़ के हमले में कई पुलिसकर्मी घायल, घर और वाहन फूंके
मानपुर प्रखंड में होली के दौरान आपराधिक घटनाओं से लोगों की खुशियां काफूर हो गई। अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की हत्या कर दी गई हैं। प्रतिशोध में कई राउंड गोलियां चली। आरोपी के घर को फूंका गया। पुलिसकर्मी सहित आधा दर्जन से अधिक लोग भीड़ के हमला में जख्मी हो गए। पहली घटना मुफ्फसिल थाना अंतर्गत बुद्धगेरे बाजार में मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई। दो पक्ष आपस में भीड़ गए। विवाद के दौरान जमकर मारपीट व गोलाबारी हुई। इस घटना में गोली लगने से मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुद्धगेरे निवासी नंदकिशोर साव उर्फ किशोरी साव के 24 वर्षीय बेटे बिट्टू साव के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंचे स्थानीय पुलिस को देखते ही आक्रोशित ग्रामीण पुलिस बल पर ही टूट पड़े। स्थिति अनियंत्रित होता देख एसआई विजय कुमार सहित तीन अन्य सुरक्षाकर्मी गोलीबारी के आरोपी के यहां रह रहे 13 अन्य लोगों के बचाव में घर में घुस गए। हिंसक भीड़ के बीच पुलिस पदाधिकारियों के घिर जाने की सूचना पर डीएसपी घूरन मण्डल के नेतृत्व में पहुंचे बुनियादगंज एसएचओ शशि कुमार राणा द्वारा लाठी चार्ज कर एसआई सहित अन्य पुलिसकर्मियों को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान हुए रोड़ेबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को जेपीएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना पर पहुंचे वरीय एसएसपी द्वारा घटनास्थल पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया गया व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
बुद्धगेरे में हुई गोलीबारी मामले में मायापुर निवासी राहुल कुमार, अविनाश कुमार, संजय कुमार, राज कुमार, प्रद्युमन कुमार, जोखू यादव, जयराम यादव, चुन्नू यादव, बुधगेरे निवासी सिद्धेश्वर यादव सहित चार महिलाओं की हिरासत में लिया गया।
हिंसा मामले में एफआईआर दर्ज, पांच लोग नामजद
हिंसा मामले में मृतक बिट्टू साव के पिता नंद किशोर साव उर्फ किशोरी साव के लिखित बयान पर एफआईआर दर्ज किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलीबारी मामले में सिद्धेश्वर साव के तीन लड़के ललन यादव, राजेश यादव व आर्मी गुड्डू यादव, कईया निवासी बबलू यादव व मायापुर निवासी श्रवण यादव को नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया।
स्थिति नियंत्रित : एएसपी
एएसपी डॉ. संजय भारती ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने का प्रयास किया गया है, स्थिति नियंत्रित है। शान्ति कायम होने तक कई चिह्नित स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ये लोग हुए जख्मी
देर शाम हुई फायरिंग व उग्र भीड़ के चंगुल में फंसे पुलिस को निकालने के दौरान लाठीचार्ज व रोड़ेबाजी में बुनियादगंज एसएचओ शशि कुमार राणा, सिपाही सुकुमार तोमर,अमरेंद्र कुमार, विक्कू यादव, पिंटू यादव, मल्लू यादव, मुफ्फसिल थाना में पदस्थापित एएसआई मुन्ना कुमार घायल हो गए। वहीं आक्रोशित भीड़ द्वारा मामले को शांत कराने पहुंचे राजद प्रखंड अध्यक्ष किशोरी यादव को पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। घायल को मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां स्थिति नाजुक बनी हुई है।
अगर पुलिस होती सजग, तो नहीं होती घटना
स्थानीय लोगों की माने तो पुलिस सजग होती तो घटना को टाला जा सकता था। लोगों ने बताया कि बुद्धगेरे में महायज्ञ के दौरान घटनाओं के बाद घात-प्रतिघात का दौर शुरू हो गया था। एक पखवाड़े पूर्व विवाद को लेकर आसपास के दबंग प्रवृति के युवकों द्वारा बाजार में जमकर तांडव मचाया गया था, जिसके विरोध में बुद्धगेरे बाजार के व्यवसायियों ने एक दिन के लिए बाजार बंद कर विरोध जताया था। उस वक्त स्थानीय थाना द्वारा व्यवसायियों को समझा-बुझा कर मामले को शांत करवा दिया गया था।
कई गैस सिलेंडर को भी किया आग के हवाले
ग्रामीणों के अनुसार मारपीट में दोनों पक्षों के बीच लगभग 25 राउंड से ज्यादा गोली चली। इस दौरान उग्र ग्रामीणों ने दो ट्रैक्टर समेत आधा दर्जन से ज्यादा बाइक को आग के हवाले कर दिया। इधर, उपद्रवी तत्वों द्वारा बुधवार अहले सुबह आरोपित ललन यादव के घर को लूटपाट कर आग के हवाले कर दिया। इस दौरान तैनात पुलिस बल पर रोड़ेबाजी की गई व क्षेत्र को दहलाने के लिए उपद्रवी तत्वों द्वारा आरोपी ललन यादव के घर में आधा दर्जन बड़ा गैस सिलेंडर व एक छोटा गैस सिलेंडर को इकट्ठा कर आग के हवाले कर दिया, जिसे सुरक्षाबलों द्वारा सतर्कता दिखाते हुए बाहर निकाला गया।
डांस के विवाद में एक की हत्या, एक जख्मी
दूसरी घटना बुनियादगंज थाना क्षेत्र के सूर्यपोखरा स्थित हरि बगईचा में हुई। डांस के दौरान विवाद में मारपीट हो गई। इसी क्रम में एक युवक ने देहाती मांझी को गोली मारकर जख्मी कर दिया। प्रतिशोध में उग्र लोगों ने एक युवक की हत्या धारदार हथियार से कर दी। मृतक की पहचान कोतवाली थाना अंतर्गत तेलबिगहा के मुरली पहाड़ी निवासी 21 वर्षीय राम गोपाल मांझी उर्फ नन्हकी के रूप में की गई है, जो ससुराल आया हुआ था। एसएचओ शशि कुमार राणा ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए एएनएमएमसीएच भेज दिया गया। इधर गोली लगने से घायल देहाती मांझी का इलाज से इंकार करने पर उसके समर्थकों द्वारा सूर्यपोखरा स्थित गौतम सेवा आश्रम नर्सिंग होम में जमकर तोड़फोड़ की गई। नर्सिंग होम में अफरातफरी का माहौल हो गया। पुलिस को इसकी सूचना मिली, तो बल के साथ आए अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
इलाके में तनाव दहशत में रहे लोग
रोड़ेबाजी में पुलिसकर्मी सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल, 13 गिरफ्तार
{होली के दौरान पुलिस छावनी में तब्दील रहे मानपुर के कई इलाके
{दो पक्षों के बीच चलीं 23 राउंड गोलियां
{लाठीचार्ज कर एसआई सहित कई पुलिसकर्मियों को भीड़ से बचाया गया
घटनास्थल पर जली बाइक।
रोड़ेबाजी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।