जहां नक्सली ज्यादा एक्टिव, वहां सोर्स को विकसित करें
एसएसबी महानिदेशक कुमार राजेश चन्द्रा शुक्रवार को सेक्टर मुख्यालय एसएसबी गया एवं 29 वीं वाहिनी गया को पहुंचे। इस दौरान एसएसबी महानिरीक्षक ने सेक्टर मुख्यालय गया तथा नक्सल विरोधी ऑपरेशन में कार्यरत पांचों बटालियन के कमांडेंट के साथ बैठक की। बैठक के दौरान इन्होंने कई दिशा-निर्देश जारी किए। एसएसबी महानिदेशक कुमार राजेश चन्द्रा ने कहा कि नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाए। जिन-जिन स्थानों पर नक्सली ज्यादा एक्टिव हैं, उसे चिन्हित करें और विशेष सतर्कता बरतें। ऐसे इलाकों में नक्सलियों पर नकेल के लिए अपने सोर्स को विकसित करें। खुद का सोर्स विकसित करने से नक्सलियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने में बड़ी मदद मिल सकती है। इसके बाद एसएसबी महानिदेशक ने सैनिक सम्मेलन को संबोधित किया, जिसमें सेक्टर गया के पांचों वाहिनी के जवान उपस्थित थे। इन्होंने कहा कि जवान का सबसे बड़ा हथियार उनका दिमाग होता है, यदि वे इसका सही से इस्तेमाल करेंगे तो नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।
भ्रमण के दौरान एसएसबी के कई अफसर रहे उपस्थित
एसएसबी महानिदेशक के भ्रमण के दौरान एसएसबी आईजी सीमांत मुख्यालय पटना संजय कुमार, एसएसबी डीआईजी सेक्टर मुख्यालय (वि. अभि.)गया सोमित जोशी, कमांडेंट 26वीं वाहिनी एसएसबी मनोज कुमार, कमांडेंट 29वीं वाहिनी एसएसबी राजेश सिंह, कमांडेंट एसएसबी 32वीं वाहिनी दीपक सिंह, कमांडेंट एसएसबी 35वीं वाहिनी मनोरंजन कुमार पांडे आदि मौजूद थे।
एसएसबी के कार्यक्रम को संबोधित करते डीजी।