गलत उपचार से पति की जान लेने वाले डॉक्टर को पत्नी ने करवाया गिरफ्तार
थाना क्षेत्र के भैरवपुर से गलत उपचार कर रोगी की जान लेने के आरोपित फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। मामला विगत वर्ष की है। घटना को लेकर मृत युवक की 30 वर्षीय प|ी अंजू देवी द्वारा थाने में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया गया था। आरोपी फर्जी चिकित्सक क्षेत्र छोड़कर अपने घर भाग गया था। बाद में पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर वापस लेने की बात करने भैरवपुर आया हुआ था। जिसे पीड़िता ने पुलिस को सूचना देकर पकड़वा दिया। पीड़िता अंजू ने बताया कि उसके घर में उसके साथ तीन बच्चे और एक वृद्ध ससुर है। पति की मृत्यु से परिवार के सामने जीवन यापन की बड़ी समस्या उत्पन्न हो गयी है।
थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पीड़िता का आरोप है कि गत वर्ष 20 जुलाई को उनके पति मनोहर यादव की तबियत खराब हुई। जिसके बाद आरोपी चिकित्सक चेरकी थाना क्षेत्र के भुसिया निवासी विजय प्रजापत द्वारा रोगी का इलाज किया गया। वहीं 24 जुलाई की सुबह चिकित्सक ने बीमार मनोहर को सूई दी। सूई लगाने के बाद ही मनोहर की तबियत और बिगड़ती चली गयी। उनके शरीर में बड़े बड़े फोड़े होने लगे थे। जिसके बाद परिजनों ने इलाज कर रहे चिकित्सक को बुलाया, लेकिन वह नहीं आया था। आनन फानन में सभी उसको गया एएनएमएमसीएच ले गये। जहां इलाज के क्रम में दूसरे दिन उसकी मौत हो गई थी। पीड़िता के बयान के बाद मेडिकल थाना द्वारा शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को शव सौंपा गया था। इसके बाद पीड़िता के बयान पर परैया थाना में मामले का एफआईआर दर्ज किया गया।