कोरोना से लड़ने के लिए जिला प्रशासन ने गठित की टीम
कोरोना वायरस को लेकर जिलाधिकारी ने कार्यालय कक्ष में गुरूवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। इसके साथ ही किसी भी संक्रामक बीमारी के संदिग्ध मामलों की लगातार निगरानी करते रहने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया। कोरोना से लड़ने के लिए जिला प्रशासन ने भी पूरी तत्परता के साथ कमर कस लिया है। बैठक में पदाधिकारी समेत स्वास्थ्य महकमा के अधिकारी भी शामिल हुए। जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका, आशा को टास्क दिया गया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें। कोरोना वायरस को लेकर व्यापक जागरूकता एवं सतर्कता अभियान चलाने का डीएम ने निर्देश दिया है। किसी भी संभावित खतरे से निपटने हेतु तैयारी के लिए स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है। ताकि, इस संक्रामक बीमारी के मद्देनजर हालात पर सतत निगरानी करते रहने के निर्देश दिए।
जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक दी गई जिम्मेदारी: डीएम ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि चीन से आनेवाले व्यक्ति की तबियत खराब हो या उनमें प्रारंभिक लक्षण की जानकारी होते ही इसकी सूचना जिला प्रशासन को तत्काल दी जाए। उन्होंने कहा कि अभी तक जिले में एक भी मामले पॉजिटिव नहीं पाए गए हैं। जागरूकता एवं सतर्कता ही इससे बचाव का मुख्य उपाय है। इसके लिए प्रखंड स्तर पर चिकित्सा पदाधिकारी और हेल्थ मैनेजर इसके जिम्मेदार होंगे। वहीं जिला स्तर पर सिविल सर्जन आईडीएसपी की देखरेख में इसका प्रचार प्रसार के लिए अधिकृत बनाया गश्या है।
किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें: उन्होंने निर्देश दिया गया कि वे सभी पंचायतों में ग्रामसभा, वार्डसभा आयोजित कर लोगों को जानकारी दें। बैठक में बताया गया कि जानकारी देते समय लोगाें को बताए कि अचानक बुखार आना, खांसी, दस्त, उल्टी होना, सांस लेने में परेशानी, निमोनिया आदि इस बीमारी के प्रमुख लक्षण हैं। प्रभावित क्षेत्रों से आए व्यक्ति में यदि कोरोना वायरस के लक्षण दिखे तो अविलंब नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें। किसी को भी भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। सिर्फ सजग रहें। सतर्क रहें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें।
कर्मियों के लिए खरीदे जाएंगे मास्क: बैठक में डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस के प्रचार प्रसार में लगे कर्मियों के लिए मास्क खरीदने का आदेश सिविल सर्जन को दिया। उन्होंने कहा कि मास्क पहन कर लोगों के बीच में जाने से इसका प्रचार प्रसार होगा।
यहां कोई कोरोना से संक्रमित नहीं
जिले में अभी तक कोई भी व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पाया गया है। सावधानी ही बचाव है। उन्होंने समस्त कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित करते हुए कहा कि जो भी सामान्य जन संपर्क में हो उन्हें भी इसके बारे में जागरूक किया जाए। लोगों में भ्रम न फैलाएं और न ही फैलने दें।।
अरशद अजीज,डीएम,गोपालगंज
फोटो 18 समाहरणालय में कोरेना वायरस को लेकर बैठक करते डीएम