दहेज को लेकर विवाहिता की गला दबा कर हत्या
थाना के जोड़ावरपुर गांव में दहेज में सोने की चेन नहीं मिलने से नाराज ससुराल वालों ने एक विवाहिता की गला दबा कर हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतिका के मायके वालों को मारपीट कर उनके पास से शव को छीन कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसे जला दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल मायके वालों को इलाज के लिए भोरे रेफरल अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में मृतिका की मां के बयान पर स्थानीय थाने में चार लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
चार लोगों पर केस दर्ज
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को भोरे रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं इस मामले में उर्मिला देवी के बयान पर मुन्ना गिरी, इंद्रजीत गिरी, तारकेश्वर गिरी, और संध्या देवी के विरूद्ध दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
क्या है मामला
बताया जाता है कि यूपी के बनकटा थाना क्षेत्र के कुरमौली गांव निवासी युगल किशोर यति की पुत्री रानी कुमारी की शादी 16 जून 2014 को भोरे थाना के जोड़ावरपुर गांव निवासी स्व. सर्वजीत गिरी के पुत्र मुन्ना गिरी के साथ हुई थी। शादी के बाद से रानी को तीन सोने की चेन के लिए प्रताड़ित किया जाता था। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत भी हुई लेकिन प्रताड़ना का दौर चलता ही रहा। इसी बीच होली के दिन मंगलवार को जब रानी की मां उर्मिला देवी ने बेटी को फोन किया, तो उसके रोने की आवाज आयी। कुशलक्षेम पूछने के लिए वो अपने दो भतीजों मुकेश कुमार और सुजीत कुमार के साथ जोड़ावरपुर पहुंची, जहां उन्होंने देखा कि उनकी बेटी का शव वहां पड़ा था, जिसकी गला दबा कर हत्या कर दी गयी थी।