- Hindi News
- National
- Gopalganj News Unseasonal Rains Broke Farmers39 Waist There Is A Possibility Of Mildew Falling Due To Fall Of Mustard Crop
बेमौसम बारिश ने तोड़ी किसानों की कमर,सरसों की तैयार फसल गिरने से फफूदी लगने का अंदेशा
पिछले 24 घंटे में रुक-रुक कर हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने सर्दी बढ़ा दी है। वहीं, बेमौसम बारिश ने किसानों की धड़कनों को बढ़ा दिया है। इससे तिलहन, दलहन के साथ ही अन्य फसलों में नुकसान होगा। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर हुई बारिश ने सरसों और गेहूं की फसल को खासा प्रभावित किया है। सरसों की तैयार फसल गिरने से उसके सड़ने का अंदेशा बढ़ गया है। तिलहन की फसल पकने से किसानों ने कटनी शुरू कर दी थी, लेकिन बारिश से कटाई का कार्य भी रुक गया है। किसानों की माने तो जो फसलें गिर गई हैं उनमें फफूदी लगने की संभावना भी बढ़ गई है। गेहूं के साथ ही अन्य फसलें गिरने से जहां सड़ने की संभावना बढ़ जाएगी वहीं, उत्पादन भी कम हो जाएगा।
दो दिन में 22 मिमी बारिश, 5 डिग्री लुढ़का दिन का पारा
तीन दिनों में फिर से मौसम में बदलाव आ गया है। शुक्रवार की रात को हुई तेज बारिश के बाद दिन का अधिकतम पारा 5 डिग्री तक गिर गया। बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई और लोग सर्दी से ठिठुरते नजर आए। सुबह करीब 6 बजे हल्की बारिश हुई। इसके बाद दिन भर बादल छाए रहे। शनिवार की दोपहर 2 बजे तक अधिकतम पारा 24 डिग्री पर पहुंच गया था। पारे में आई गिरावट के कारण सर्दी भी बढ़ गई और लोग ठिठुरते नजर आए। रात का न्यूनतम पारा 15 डिग्री दर्ज किया गया।
यहां सबसे ज्यादा बारिश
बैकुंठपुर, सिधवलिया, बरौली, मांझा, कुशलकोट व सदर प्रखंड के कई गांवों में तेज बारिश हुई।
पंचायतवार आकलन कराया जा रहा है
जिला कृषि पदाधिकारी वेद नारायण सिंह ने बताया कि नुकसान का पंचायतवार आकलन कराया जा रहा है। क्षति की रिपोर्ट जल्द ही सरकार को भेज दी जाएगी ताकि किसानों को लाभ मिल सके।
बारिश थमी तो फसलों को पसारने लगे
शनिवार की दोपहर जब बारिश थमी तो किसान खलिहान में पड़े तिलहनी फसलों को सूखने के लिए पसारने लगे ताकि फसल सूख सके जिससे सड़न व फफूंदी का खतरा कम हो सके। सरेयां पहाड़ के किसान विद्या दुबे, परसौनी के हरिहर प्रसाद व खैरा के योगेन्द्र सिंह ने बताया कि सरसों की कटाई के कर चुके थे। दौनी-पीटनी बाकी थी। बारिश से डंठल व दाने गीले हो गए हैं। उनके अनुसार काफी नुकसान हो चुका है। सड़ने व फफूंदी लगने का खतरा बढ़ गया है।
20 से 25 फीसदी उत्पादन कम होने की संभावना
खेतों में फसल पकने की स्थिति में है और आसमान से हर पांचवे दिन बारिश हो रही है। 15 दिनों में चार दिन बरसात के साबित हुए। इससे किसानों का नुकसान बढ़ते जा रहा है। 97 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बुआई का लक्ष्य था। इसके विरूद्व 92 हजार 200 हे. में खेती हुई है। विभाग द्वारा 30,210 मैट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। लेकिन चार बार बारिश और दो बार ओले गिरने से उत्पादन 20 से 25 फीसदी कम हो सकता है।
गेहूं की खेती एक नजर में
बुआई का लक्ष्य 97,000 हेक्टेयर
बुआई हुई है 92,000 हेक्टेयर
उत्पादन का लक्ष्य 0,210 मेट्रिक टन
उत्पादन गिर सकता है 3,300 मेट्रिक टन
तिथि बारिश मिमी में
25 फरवरी 23 मिमी
05 मार्च 28 मिमी
13 मार्च 22 मिली
बैकुंठपुर सामुदायिक अस्पताल में एंटी रैबीज दवा का अभाव
बैकुंठपुर | चार जिलों की सीमा पर अवस्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैकुंठपुर में एंटीरैबीज दवा का तीन सप्ताह से अभाव बना है । पागल कुत्ता, सियार,बंदर,जंगली सूअर आदि जानवरों के काटने पर दी जाने वाली एंटी रैबीज दवा के लिए मरीज अस्पताल का चक्कर लगा रहे हैं ।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सरताज आलम ने बताया कि जिला स्वास्थ समिति से दवा की मांग की गई है । दवा उपलब्ध होते ही वितरण किया जाएगा।
जनता दरबार में छह मामलों का हुआ निष्पादन,सहमति से सुनवाई
बैकुंठपुर | जिला प्रशासन के आदेश पर शनिवार को बैकुंठपुर थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया । थाना अध्यक्ष अमितेश कुमार एवं अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार की उपस्थिति में आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद के छह मामलों का निष्पादन किया गया । दोनों पक्षों की उपस्थिति और सहमति के बाद मामलों की सुनवाई की गई ।
आंगनबाड़ी केंद्र किए गए बंद
बैकुंठपुर | सरकारी आदेश के आलोक में बैकुंठपुर प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को शनिवार से 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है । बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अनुप्रिया सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का निर्देश दिया था । निर्देश के आलोक में आंगनबाड़ी सेविकाओं को तत्काल निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आदेश दिया गया है ।
देसी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
बैकुंठपुर| बैकुंठपुर पुलिस ने बैकुंठपुर गांव में छापेमारी कर दो सौ एमएल के 13 पाउच देशी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया है । थानाध्यक्ष अमितेश ने बताया कि गिरफ्तार धंधेबाज शिव नारायण मांझी को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में गोपालगंज भेजा गया है । मामले में बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी सहायक अवर निरीक्षक रामफुलास मंडल के बयान पर दर्ज की गई है ।
तिलहन की फसल पकने से किसानों ने कटनी शुरू कर दी थी लेकिन अब रुक गयी
15 दिन में ऐसे बरसे मेघ
आसमान में छाया रहा बादल