लखपतिया मोड़ पर वाहन ने तीन महिलाओं को कुचला
नगर के लखपतिया मोड़ पर मंगलवार की देर शाम एक चार पहिया वाहन ने तीन महिलाओं को कुचल दिया। इससे तीनों महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। बताया गया है कि मंगलवार की शाम शहर के सरेया वार्ड नंबर एक मोहल्ले की राजीना खातून व वासियर खातून समेत तीन महिलाएं शादी में गीत गाने के लिए लखपतिया मोड़ की ओर अन्य महिलाओं को बुलाने के लिए जा रही थीं। इस दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उन्हें रौंदकर वहां से फरार हो गया। हादसे के बाद लखपतिया मोड़ पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से महिलाओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने महिलाओं की हालत गंभीर देखकर बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।