- Hindi News
- National
- Sonepur News Balmukund Said In The Seminar Money That Is Not Useful In The Society Is Useless
विचार गोष्ठी में बोले बालमुकुंद- समाज के काम में नहीं आने वाला धन बेकार है
सोनपुर प्रखंड क्षेत्र के सबलपुर स्थित संकटमोचन मंदिर हनुमान मंदिर परिसर में रविवार को धन का सदुपयोग, त्याग के साथ उपभोग विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर अखिल भारतीय इतिहास संकलन विभाग के संगठन मंत्री बालमुकंद पांडेय ने कहा कि जो धन समाज के काम नहीं आए वो धन व्यर्थ है। उन्होंने कहा कि पहले लोग त्याग, भावना एवं समाज के चतुर्दिक विकास के साथ गरीब एवं असहायों के निहितार्थ अपने धन को विभक्त कर समाज को समर्पित करने का काम करते थे। सनातन धर्म ही एक ऐसा है, जो छुआछूत की भावना से अलग है। उन्होंने कहा कि मनुष्य के तीन संस्कार जन्म, विवाह एवं निधन को गौर से देखे तो सामाजिक समरसता एवं सभी जाति वर्गों के सहयोग दृष्टिगोचर होगा। इसी मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी राजपरिवार के डॉ. संजय सिंह ने कहा कि आज अत्यधिक सुविधाओं की भीड़ में भी मनुष्यता दु:खों से घिरी हुई है। पहले राजनीति सर्वकल्याण का विषय था। जबकि आज स्वहित की बातें हो रही है। विचार गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति आज भी सम्पूर्ण विश्व के आकर्षण का केंद्र में है। इस संस्कृति एवं परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए दूर तक ले जाना है। विचार गोष्ठी से पूर्व क्षेत्र प्रमुख सूबेदार सिंह रचित पुस्तक गद्दी यादव समाज की आठवीं कड़ी का विमोचन किया गया। गोष्ठी का संचालन आशुतोष कुमार रितेश ने किया। इस मौके पर पूर्व मुख्य पार्षद विनोद सम्राट, अजय कुमार, हेमंत मधुकर, डॉ. त्रिभुवन झा, राजेश कुमार सिंह, प्रवीण सिंह, सत्यवीर सिंह, आचार्य श्रीकांत मणि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।