महनार सीएचसी में कुव्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने दिया धरना
महनार सीएचसी में व्याप्त कुव्यवस्था के खिलाफ शुक्रवार को महनार प्रखंड कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने एक दिवसीय धरना दिया। सीएचसी परिसर में आयोजित धरना के बाद एक शिष्ट मंडल ने वैशाली सिविल सर्जन को संबोधित अपनी सात सूत्री मांगों का ज्ञापन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में महनार सीएचसी में भर्ती होने वाले मरीजों के लिए पर्याप्त संख्या में बेड की व्यवस्था करने, स्वास्थ केंद्र में पर्याप्त संख्या में चिकित्सक एवं नर्स की व्यवस्था करने, पीएचसी में मरीजों के लिए सिटी स्कैन, अल्ट्रा साउंड एवं एमआरआई जांच की सुविधा बहाल करने, मरीजों के परिजनों के ठहरने की व्यवस्था करने, एम्बुलेंस की कमी को दूर करने एवं मरीजों के लिए दवा की उचित व्यवस्था करने आदि की मांग शामिल है। ज्ञापन में चेतावनी भी दी गई है कि अगर अगले तीन महीने के अंदर उनलोगों की मांगें पूरी नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्त्ता उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। धरना की अध्यक्षता कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष पवन कुमार झा ने की। धरना को ज़िला उपाध्यक्ष रामनरेश सिंह, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार रावत, प्रखंड उपाध्यक्ष कौशल सिंह, प्रखंड महासचिव शत्रुधन सिंह, गौरी शंकर राय, दीपक कुमार, शिव कुमार राउत, लखींद्र राउत, रामपुकार सिंह, रामयश सिंह, प्रिंस कुमार सिंह, देवेन्द्र राय, देवनाथ सिंह, मंजू झा, शिव दुलारी, मंती देवी, मीणा देवी, त्रिवेणी देवी, रंजू देवी, मेहरू राय आदि ने भी संबोधित किया।