- Hindi News
- National
- Vaishali News Preparations For Rescue From Corona Are Not Even In The Half Hearted Market Of Masks And Sanitizers
कोरोना से बचाव की तैयारी आधी-अधूरी बाजार में मास्क व सेनेटाइजर तक नहीं
कोरोना वायरस को लेकर जहां बिहार सरकार हर तरह के एहतियात बरत रही है वहीं इस वायरस ने ब्लैक मार्केटिंग वालों की चांदी कर दी है। शहर से लेकर गांव तक में कहीं भी मास्क और सेनेटाइजर आसानी से उपलब्ध नहीं है। ज्यादातर लोगों को ब्लैक में 5 गुणा कीमत पर यह चीजें मिल रही है। दुकानदारों की दलील माने तो उत्पादक से ही माल की सप्लाई नहीं आ रही। जबकि हकीकत इससे अलग है। वहीं राज्य सरकार की ओर से वैशाली जिले के डीएम को विशेष दिशा निर्देश मिला है। धारा 144 के तहत इन निर्देशों का पालन करना है।
यह मिला है निर्देश
कोविंड 19 नोवल कोरोना वायरस से बचाव के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस वायरस को संक्रमण घोषित करते हुए दिशा निर्देश दिया है। शनिवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन ने डीएम को कोविड 19 नोवल कोरोना संक्रमण से आम जनता को बचाने के लिए गाइड लाइन जारी किया है। डीएम उदिता सिंह ने डब्लूएचओ से मिले निर्देशों के अनुसार भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों को यथाशीघ्र रद्द करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पार्क, सिनेमा हॉल को 31 मार्च तक बंद रखा जाएगा। राज्य से मिले निर्देशों को पालन के लिए जिले के सभी पदाधिकारी, अचंल, प्रखंड एवं सभी थाने को निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी हुई रद्द
कोरोना वायर को लेकर जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी अगले आदेश तक रद्द कर दी गई है। जबकि पूर्व से छूटी पर गए स्वास्थ्य कर्मियों को अपने स्वास्थ्य केंद्र पर यथा शीघ्र योगदान करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने सीएस को पत्र भेज कर बताया कि जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर आइसोलेशन वार्ड इस संक्रमण से बचाव के लिए सभी प्रकार की सुविधा तैयार रखने का निर्देश दिया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 मार्च को होने वाले पंचायत उप चुनाव 2020 को अगले आदेश तक रद्द किया गया है।
मास्क और सेनेटाइजर मार्केट से गायब
कोरोना वायरस के डर से अब बड़ी संख्या में लोग जागरूक होकर सेनेटाइजर व मास्क का उपयोग कर रहें हैं, लेकिन पिछले कई दिनों से मेडिकल दुकानों से सेनेटाइजर ढूंढने से भी नहीं मिल रहा है। साधारण से मास्क की भी यही स्थिति है। जबकि एन 95 मास्क के लिए लोग 3 से 4 सौ तक देने को तैयार हैं, लेकिन किसी भी दुकान में उपलब्ध नहीं है। मेडिकल दुकानदार कहते हैं कि पहले मेडिकल स्टोर पर सेनेटाइजर की बिक्री सप्ताह में एकाध बार होती थी, लेकिन अब कई दिन से रोजाना सौ ग्राहक से ज्यादा सेनेटाइजर व मास्क की मांग कर रहे हैं। अधिक मांग और स्टोर से माल न मिलने से ग्राहकों को घूमना पड़ रहा है।
हाजीपुर सदर अस्पताल रोड के किसी दवा दुकान में नहीं मिला मास्क।
इन निर्देशों का करें पालन
जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में मिलने वाला मध्याह्न भोजन की व्यवस्था स्थगित करते हुए स्कूल बंद के दिनों की राशि छात्रों के खाते में 31 मार्च से पूर्व भेजी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्र से लाभुक महिलाओं को टेक होम राशन दिए जाने की व्यवस्था जारी रहेगी। जबकि बच्चों के भोजन की राशि की गणना कर बच्चें के संबंधित अभिभावक के खाते पर भेजी जाएगी। 22 मार्च को आयोजित बिहार दिवस कार्यक्रम को स्थगित करते हुए अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी। जिलास्तरीय सभी तरह के खेल प्रतियोगिता, सांस्कृतिक महोत्सव को स्थगित किया गया है। जिले में बने सभी सरकारी पार्क, संग्रहालय, सिनेमा हॉल 31 मार्च तक बंद रखा जाएगा। जिले में अवस्थित टॉउन हॉल, इंडोर स्टेडियम में होने वाले सभी आयोजनों को 31 मार्च तक रद्द किए जाने का निर्देश दिया गया।
सदर अस्पताल में बना कोरोना मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड।
सदर अस्पताल की तैयारी
सदर अस्पताल में कोरोना वायरस को लेकर तीन कमरे में दस बेड तैयार रखे गए हैं। साफ-सफाई के बाद इस वार्ड को कोरोना वायरस के मरीजों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। कोरोना वायरस को लेकर तीन प्रकार की दवा, किट व 40 पीस एन-95 मास्क अबतक वार्ड में उपलब्ध कराया गया है। लक्षण मिलने के आधार पर इलाज की तैयारी है। अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी की मानें तो मास्क की इतनी कमी है कि डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी तक के उपयोग के लिए नहीं है।
सामान्य शाखा के अपर मुख्य सचिव ने वीसी कर जारी की जिले के लिए एडवाइजरी
सेनेटाइजर की किल्लत के बाद बढ़ी मांग।