- Hindi News
- National
- Sonepur News Report Was Sought From The Department Crc Told Three Surviving Striking Teachers Dead
विभाग से मांगी थी रिपोर्ट, सीआरसी ने तीन जीवित हड़ताली शिक्षकों को बता दिया मृत
हड़बड़ी में प्रस्तुत किए गए सरकारी प्रतिवेदन में जीवित शिक्षक शिक्षिकाओं को मृतकों की सूची में डाल देने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यह कारनामा सोनपुर के सीआरसी का है। बिहार शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में डीपीओ स्थापना ने हड़ताली शिक्षकों के संबंध में अद्यतन रिपोर्ट मांगी थी।
मृतकों की सूची में रख दिया जीवित शिक्षकों को
डीपीओ स्थापना के निर्देशानुसार बीईओ ने भी सीआरसी को निर्देशित किया था। हड़बड़ी में सीआरसी द्वारा तैयार प्रतिवेदन विभाग को भेज दिया। प्रतिवेदन में बीते 17 फरवरी को दिवंगत हुए यहां के चित्रसेन मध्य विद्यालय के शिक्षक रामाशीष राय के साथ तीन जीवित शिक्षकाें को भी मृत लिख दिया गया है। मृत शिक्षकों की सूची में अंजू कुमारी, संगीता कुमारी तथा बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के नेता बृजेश कुमार सिंह का नाम भी शामिल है। ये तीनों शिक्षक-शिक्षिकाएं न केवल जीवित हैं, बल्कि मजबूती से हड़ताल पर बैठे है।
संघ नेता ने जानबूझ कर किया हरकत बताया
इस संबंध में शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति से जुड़े शिक्षक नेता बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिवेदन में जीवित हड़ताली शिक्षकों को मृत प्रतिवेदित किया जाना भूल नहीं हो सकती। यह जानबूझ कर किया गया है। इस प्रकरण से संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं की भावनाएं आहत हुईं है। गलत प्रतिवेदन देने के मामले में सक्षम पदाधिकारियों को नियमानुकूल कार्रवाई करनी चाहिए।