मांगों के समर्थन में शिक्षकों ने बीआरसी में जड़ा ताला
जैसे जैसे समय बीत रहा है वैसे ही अपनी मांगों के समर्थन में नियोजित शिक्षकों का आक्रोश भी बढ़ता ही जा रहा है। इसी दौरान शुक्रवार को हड़ताली शिक्षकों ने सोनपुर के बरबट्टा स्थित बीआरसी में ताला जड़ दिया। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में मौजूद शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नारेबाजी करने शुरू कर दिया।
यह प्रदर्शन बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के स्थानीय इकाई के समर्थन से चल रहा है। इस बीच समिति के स्थानीय अध्यक्ष अमोद कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार नीतीश सरकार में नियोजित शिक्षकों की होली को रंगहीन बना दिया वह निंदनीय है। जब तक सरकार पूर्ण वेतनमान एवं नियमित शिक्षकों की तरह सेवा शर्त देने की घोषणा नहीं करती है हड़ताल जारी रहेगा। शनिवार से जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों का सहयोग लेते हुए मांगों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसी बीच नुक्कड़ सभा के दौरान समाज को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बृजेश कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह, ओम सिंह यादव, वीरेंद्र कुमार, अजीत कुमार, मृत्युंजय कुमार सिंह तथा उमेश दास समेत बड़ी में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।