- Hindi News
- National
- Bidupur News The Body Of A Young Man Who Went To Play Holi With Friends Recovered From The Well
दोस्तों के साथ होली खेलने गए युवक का शव कुएं से बरामद
बिदुपुर थाने के अनुसूचित जाति बस्ती व इंडेन गैस गोदाम के निकट कुंए से मंगलवार को बस्ती के एक युवक का शव बरामद हुआ है। घर से लापता युवक की परिजन तलाश कर रहे थे। ग्रामीणों के सहयोग से परिजनों ने मृतक का शव निकलवा कर, पुलिस को बगैर सूचना दिए दाह-संस्कार भी कर दिया है। इस हादसे को लेकर गांव में तरह-तरह के चर्चे हो रहे हैं। मृतक युवक की दो माह बाद ही शादी होने वाली थी।
रात को नहीं लौटा तो ढूंढ़ने निकले परिजन
मिली जानकारी के अनुसार बस्ती के विशन पासवान का 20 वर्षीय पुत्र रवींद्र कुमार मंगलवार को होली खेलने के लिए अपने दोस्तों के साथ दोपहर बाद निकला। देर शाम जब वह घर नहीं लौटा तब परिजन उसे ढूंढने निकले। ढूंढने के क्रम में ही परिजनों को किसी ग्रामीण ने बताया कि गैस एजेंसी के गोदाम के पीछे मृतक को अपने दोस्तों के साथ जाते देखा गया है। परिजन जब वहां पहुंचे और कुंए में तलाशी ली तो कुंए से युवक की शव बरामद किया गया। शव बरामद करने के बाद परिजन घटना की सूचना पुलिस को नहीं देकर शव को ठिकाने लगा दिया। इस मामले में हत्या और आत्महत्या को लेकर सस्पेंस बरकरार है। वहीं पड़ोसियों ने जानकारी दी कि युवक की शादी दो महीने बाद होनी थी। इस संबंध में थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी होते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।