पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jamui News Claim Complete Preparation To Deal With Corona Virus Is A Reality Those Coming From Nepal Not Being Investigated

दावा: कोरोना वायरस से निपटने की है पूरी तैयारी सच्चाई : नेपाल से आने वालों की नहीं हो रही जांच

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोरोना वायरस से निपटने को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तैयारी का दावा कर रही है। सदर अस्पताल में अलग आईसोलेशन वार्ड बनाया गया है। विभाग कोरोना से निपटने की तैयारी को मुकम्मल मान रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि सुरक्षा के लिए इस्तेमाल एन-95 मास्क के अलावा सदर अस्पताल में कोरोना जांच की कोई व्यवस्था नहीं है।

गंभीर मामला यह है कि होली में नेपाल से जमुई आने वाले प्रवासियों के जांच नहीं की जा रही है। दरअसल हवाई मार्ग के जरिए आने वाले प्रवासियों की जांच तो एयरपोर्ट पर करने के साथ ही एडवाइजरी जारी की जा रही है लेकिन ट्रेन के माध्यम से नेपाल से जमुई आने वाले प्रवासियों के आंकड़े अथवा उन्हें चिह्नित करने की कोई व्यवस्था नहीं है। बता दें कि जमुई जिले के 100 से अधिक मार्बल मिस्त्री नेपाल के विभिन्न शहरों में कार्यरत हैं। नेपाल में कोरोना से संक्रमित मरीज भी पाए गए हैं। जमुई जिले के बरहट, खैरा, झाझा के मार्वल मिस्त्री खासकर पर्व के मौके पर नेपाल से घर लौटते हैं।

कोरोना वायरस के लक्षण | लगातार खांसी, तेज बुखार, निमोनिया, सांस लेने में तकलीफ, उल्टी और दस्त होने लगे तो वैसे व्यक्ति को शीघ्र चिकित्सक से दिखलाना चाहिए। एेसे लक्षण ही कोरोना का होता है। यदि लापरवाही करते हैं तो संक्रमण से निमोनिया भी गंभीर रुप धारण कर लेता और मौत की संभावना बढ़ जाती है।

तैयारी: सदर अस्पताल में नेत्र वार्ड को बनाया गया कोरोना वायरस आईसोलेशन वार्ड

कोरोना वायरस को लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति जारी अलर्ट के बाद सदर अस्पताल के नेत्र वार्ड को कोरोना वायरस आईसोलेशन वार्ड बना दिया गया है। हालांकि कोरोना वायरस के खतरा और जिस तरह से विभाग द्वारा अलर्ट किया गया है उसके अनुपात में आईसोलेशन वार्ड की तैयारी अधूरी है। इसके अलावा वार्ड से सटे परिसर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं जांच कराने आती हैं। राज्य स्वास्थ्य समिति ने सदर अस्पताल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आईसोलेशन वार्ड को दूसरे जगह शिफ्ट करने का निर्देश दिया है जहां लोगों का आना-जाना कम हो। सदर अस्पताल की ऊपरी तल्ले में अब आईसोलेशन वार्ड बनाने की तैयारी चल रही है।

कोरोना के संक्रमण को कम करने के उपाय

प्रभारी सीएस द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है के कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए खाने से पहले और खाने के बाद नियमित रुप से अपने हाथों को साबुन से धोना चाहिए। खांसते या छींकते वक्त मुंह या नाक को रुमाल से ढंक लें। अगर किसी व्यक्ति में फ्लू के लक्षण हों तो उनके सम्पर्क में आने से बचे।

कोरोना वायरस को लेकर प्रभारी सिविल सर्जन डा. विजेन्द्र सत्यार्थी ने जिले के साथ आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देशित किया है कि होली में नेपाल से आने वाले लोगों को चिन्हित कर इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं। जिला स्वास्थ्य समिति ने पंचायत प्रतिनिधियों को सजग रहने और इस खतरे से सामना के लिए सहयोग करने की अपील की है। प्रभारी सीएस ने बताया कि जमुई आने वाले प्रवासियों की जांच के लिए होली के बाद एक टीम बनाई जाएगी।

खाड़ी देशों से लौटने लगे हैं जमुई के लोग

राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा कोरोना को लेकर अलर्ट जारी करने के बाद जमुई जिला स्वास्थ्य समिति को 50 एन-95 मास्क, आईसोलेशन कीट-300, ट्रिपल लेयर मास्क मुहैया कराई गई है। इधर, बड़ी संख्या में खाड़ी देशों में जमुई के युवा कार्यरत हैं जो जमुई लौट रहे हैं। हालांकि अब तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाड़ी देशों से लौटने के बाद कोई एडवाइजरी जारी नहीं की गई है। जिला स्वास्थ्य समिति के प्रबंधक सुधांशु नारायण लाल ने बताया कि देश के एयरपोर्ट ऑथोरिटी द्वारा जमुई के किसी युवक की जांच से संबंधित एडवाइजरी जारी नहीं की गई है।

बदहाल स्थिति में सदर अस्पताल में बना कोरोना वायरस आईसोलेशन वार्ड।

स्वास्थ्य विभाग गंभीर नहीं, एडवाइजरी के बाद भी नहीं हो रही है संदिग्ध इलाके से आए मरीजों की जांच

नेपाल से आने वालों को चिह्नित करने के लिए आशा और एएनएम को है निर्देश: प्रभारी सिविल सर्जन
खबरें और भी हैं...