कोरोना का खौफ: काेलकाता से मास्क लाकर बेच रहे व्यापारी
जिले में कोरोना के एक संदिग्ध मरीज मिली है। खौफ सिर चढ़कर बोलने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध मरीज में कोरोना के होने की अभी पुष्टि नहीं की है। बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा एडवाईजरी जारी किया गया है, जिसमें मेडिकेटेट सेनेटाइजर से हाथ की सफाई, नाक को ढ़कना, छिंकने या खांसने वाले व्यक्ति से दूरी बना कर रखने आदि की सलाह दी जा रही है।
इधर कोरोना से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग भले ही आमजनों के बीच मास्क का वितरण का कोई निर्णय नहीं लिया है। लेकिन फुटपाथ पर मास्क की बिक्री होने लगी है। कचहरी रोड़ में फुटपाथ पर 50, 60 व 90 रूपए में तीन तरह के मास्क की बिक्री की जा रही है। मास्क बेचने वाले बताते हैं कि वे कोलकाता से मास्क को लाए हैं और जमुई में लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए बेच रहे हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर नगर परिषद ने भी कवायद शुरू कर दी है। शनिवार को माइकिंग कर पूरे शहर में खुले में मांस, मछली व चिकन की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। नप अधिकारी डॉ. जनार्दन प्रसाद वर्मा ने बताया कि खुले में मांस, मछली बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
खांसी-बुखार हाेने पर दूसरे के संपर्क में न आएं
प्रभारी सिविल सर्जन डाॅ. विजयेद्र सत्यार्थी की उपस्थिति में शनिवार को कार्यालय सभागार में कोरोना से बचाव को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। बताया कि खाने से पहले और खाना के बाद साबुन से हाथ धोए। स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें, छीकने और खांसने के दौरान मुहं ढंक कर रखें, अस्वस्थता महसूस होने पर नजदीक के योग्य चिकित्सक से संपर्क करें। यदि किसी व्यक्ति को खांसी और बुखार लगने की शिकायत होती है तो वह दूसरे व्यक्ति के संपर्क में न आए, सार्वजनिक स्थान पर न थूके , कच्चे और अधपका मांस ना खाएं, सुरक्षित रूप से ही कहीं जाएं तो काफी हद तक इस बीमारी से बचा जा सकता है। साथ ही कहा कि सदर अस्पताल में इसे लेकर एक अलग वार्ड भी बनाया गया है। जहां 24 घंटे सलाह की व्यवस्था है। मौके पर सदर अस्पताल उपाधीक्षक डाॅ. नौशाद अहमद, माे. शमीम ,संजय कुमार सिंह, हिमांशु नारायण लाल, डाॅ. विमल कुमार चौधरी , कार्यालय के प्रधान सहायक अनंत कुमार सिन्हा, विपिन कुमार, प्रमोद कुमार, राजीव कुमार, मिथिलेश पांडेय, सोनू पांडेय सहित दर्जनों स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
कचहरी रोड स्थित फुटपाथ पर मास्क की खरीदारी करते लोग।