पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Sono News Crowd Of Devotees Gathered For Baba Jhumraj39s First Puja After Holi

होली के बाद बाबा झुमराज के पहली पूजा को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जाम से परेशान रहे शहर के लाेग

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

प्रखंड के आदर्श ग्राम बटिया स्थित बाबा झुमराज मंदिर परिसर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की अपार भीड़ देखी गई। वैसे तो अब यहां सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को होनेवाली पूजा में हमेशा श्रद्धालुओं की भीड़ होती है, पर होली के बाद शुक्रवार को पहली पूजा होने के कारण यहां इस क्षेत्र के साथ-साथ पड़ोसी राज्य झारखंड और बंगाल से भी काफी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचे थे। आलम यह था कि बाबा झुमराज मंदिर के पूरे परिसर में कहीं भी तिल रखने की जगह नहीं थी, पर इन सब के बावजूद व्यवस्था नदारद थी। भीड़ अधिक होने के कारण मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बेतरतीब गाड़ियों के पार्किंग से घंटों जाम भी लगा रहा। बता दें कि बटिया स्थित बाबा झुमराज मंदिर धार्मिक न्यास परिषद के अधीन संचालित है। पूजा से मंदिर को लाखों की आय होती है लेकिन यहां श्रद्धालुओं की सुविधाओं का तनिक भी ख्याल नहीं रखा जाता है। शुक्रवार को यहां हजारों की भीड़ थी। मंदिर प्रबंधन को पूजा से काफी आय हुई, पर व्यवस्था नदारद थी। न तो पेयजल की समुचित व्यवस्था थी और न ही शौचालय की।वाहन भी सड़क पर जहां तहां खड़े थे, जिससे घंटों जाम की स्थिति भी बनी रही। हालांकि पूजा में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस लगातार गश्ती करती दिखी। वहीं चारों ओर फैली गंदगी और बदबू से श्रद्धालु परेशान दिखे।

रामनवमी पर शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ के कलाकारों के भाग लेने पर बनी सहमति


लक्ष्मीपुर| बरहट प्रखंड के पाडो दुर्गा मंदिर परिसर में आगामी 2 अप्रैल को होने वाली रामनवमी के आयोजन को लेकर आयोजन समिति की बैठक राजकिशोर यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि रामनवमी के मौके पर पाडो दुर्गा मंदिर से मटिया बाजार तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।उक्त शोभायात्रा में पाडो व मटिया के पांच हजार से अधिक लोग भाग लेंगे।बैठक में आयोजन समिति के संयोजक कन्हैया सिंह द्वारा प्रस्ताव रखा गया कि शोभायात्रा में भाग लेने व धार्मिक नृत्य प्रस्तुत करने के लिए छत्तीसगढ़ के कलाकारों को बुलाया जाएगा।कन्हैया सिंह द्वारा रखे गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।बैठक में तय किया गया कि शोभायात्रा को लेकर एक निगरानी समिति बनाई जाएगी।उक्त समिति मे 21 सदस्यों को बतौर सुरक्षा के लिए रखा जाएगा।बैठक में राजकिशोर यादव ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से रामनवमी पूजा समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है।इस मौके पर हर साल की तरह इस साल भी भंडारा का आयोजन किया जाएगा।जिसमें दस हजार से अधिक लोगों के भाग लेने की संभावना है। इस मौके पर चंदन कुमार, जीतेन्द्र कुमार,रूपेश कुमार,अन्नु पांडेय,श्रवण कुमार,एडी सिंह,सौरभ पांडेय संतोष कुमार, आशुतोष पांडेय सहित कई लोग मौजूद थे।

हवन के साथ 24 घंटे का महाअष्टयाम संपन्न

झाझा | प्रखंड के ताराकुरा गांव के मण्डल टोला स्थित पौराणिक मन्दिर में कुशवाहा युवा संघ द्वारा आयोजित 24 घण्टे का महाष्टयाम शुक्रवार को हवन के साथ सम्पन्न हो गया। अष्टयाम समाप्ति से पूर्व स्थानीय ग्रामीण के अलावे आस-पास के गांवों से श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ यज्ञ स्थल पर पूजा करने के लिये उमड़ पड़ी थी। वहीं यज्ञ सम्पन्न से पूर्व आचार्य के द्वारा पूरे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ को पूरे विधि विधान से सम्पन्न किया गया। उसके बाद हवन का कार्यक्रम आयोजित किया । हवन समाप्त होने के बाद ग्रामीणों के बीच आयोजकों के द्वारा भव्य भंडारा का आयोजन किया गया जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजनकर्ता ने बताया कि आने वाले वर्षों में यहां पर भव्य महायज्ञ आयोजित किया जायेगा जिसको लेकर तैयारी कुछ दिनों के बाद शुरू किया जाएगा। वहीं पूरा क्षेत्र भक्तिमय का रूप में तब्दील था।

यज्ञस्थल की परिक्रमा करते श्रद्धालु।

कुशवाहा युवा संघ की ओर से आयोजित 24 घंटे का महाष्टयाम शुक्रवार को हवन के साथ संपन्न

बैठक में भाग लेते कमेटी के कार्यकर्ता।

शुक्रवार को बाबा झुमराज मंदिर में पूजा करने पहुंची श्रद्धालुओं की भीड़।
खबरें और भी हैं...