- Hindi News
- National
- Jamui News Engineer39s Car Collides With Tree While Going To In Laws On The Other Hand The Student Broke Down After Being Hit By The Van
ससुराल जाने में इंजीनियर की कार पेड़ से टकराई मौत; उधर वैन की चपेट में अाकर छात्र ने तोड़ा दम
मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में 13 वर्षीय छात्र व 34 वर्षीय साफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई। घटना के बाद सदर अस्पताल में दोनों मृतक के परिजनों की चीत्कार से पूरा परिसर गमगीन हो गया। मृतकों में छात्र की पहचान सदर थाना क्षेत्र के दीघोई निवासी नरेश रावत के बेटे अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू के रूप में हुई। जबकि साफ्टवेयर इंजीनियर शहर के बाबूटोला महिसौड़ी निवासी सुरेंद्र सिंह का पुत्र आशुतोष कुमार सिंह उर्फ गुड्डा के रूप में हुई है। घटना के बाद बाबूटोला महिसौड़ी व दिघोई में होली के उत्साह पर गम की बादल छा गई।
बताया जाता है कि मंगलवार की शाम जमुई- लखीसराय मुख्य मार्ग पर अम्बा गांव के समीप तेज रफ्तार मैजिक वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्र दीघोई गांव निवासी नरेश रावत के 13 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मैजिक वाहन चालक मौका देखकर फरार हो गया, जबकि उपचालक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया जिसकी ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी।
झारखंड में साॅफ्टवेयर इंजीनियर था आशुतोष
मंगलवार की शाम ही सड़क दुर्घटना में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर आशुतोष की भी मौत हो गई। बताया जाता है कि शहर के बाबू टोला निवासी सुरेंद्र सिंह का 34 वर्षीय पुत्र आशुतोष कुमार सिंह उर्फ गुड्डा झारखंड के बोकारो जिले में एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। होली की छुट्टी में वह घर आया और मंगलवार की शाम वह अपनी कार से खैरा थानाक्षेत्र के रयपुरा गांव अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान जमुई-खैरा मुख्य मार्ग के सिंगारपुर गांव के समीप उसका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ एवं ईंट में जा टकराई। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घायल युवक को खैरा थानाध्यक्ष सीपी यादव की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक का एक 3 वर्षीय पुत्र एवं पांच वर्षीय पुत्री भी है।
शव को रोड पर रखकर जताया विरोध
इधर वाहन को पकड़ उपचालक को बंधक बनाकर ग्रामीणों द्वारा घटनास्थल पर शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीण जहां मृतक छात्र के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे। वहीं वाहन चालक काे पकड़ कर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे टाउन थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह आक्रोशितों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हुए। वे मुआवजे की मांग और पदाधिकारी को घटनास्थल पर आने की मांग कर रहते रहे। इधर मौके पर पहुंचे बीडीओ पुरुषोत्तम त्रिवेदी द्वारा परिजनों को हर संभव सहायता और मुआवजा देने का आश्वासन दिया तब जाकर जाम हटाया गया। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रावधान के अनुसार दोनों के परिजनों को दी जाएगी सहायता
दो अलग-अलग जगह सड़क दुर्घटना में दो लाेगों की मौत हो गई है। दोनों के परिजनों को इससे संबंधित मुआवजा दिया जाएगा। दोनों के शव को पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। जल्द ही परिजनों को सहायता राशि दे दी जाएगी।
लखीन्द्र पासवान, एसडीओ, जमुई
बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में गमगीन परिजन व अन्य।
जमुई- लखीसराय मुख्य मार्ग पर अम्बा गांव के समीप तेज रफ्तार मैजिक वैन की चपेट में आया माेनू
घायल इंजीनियर को देखते थानाध्यक्ष व एसडीओ।