पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jamui News Girl Killed In Love Affair Dead Body Hanging From Tree With Dupatta In The Forest 12 Km From Home

प्रेम-प्रसंग में युवती की हत्या, घर से 12 किमी दूर जंगल में दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटकी मिली लाश

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मरियम ने इसी साल दी थी मैट्रिक की परीक्षा

शुक्रवार की सुबह नीम के पेड़ में दुपट्टे से बंधा एक युवती की लाश मिली। घटना चकाई थानाक्षेत्र के कोठियां गांव के टोला बथनाकोला की है। पेड़ की डाली से झूलती लड़की के शव को पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंच बरामद कर लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

बरामद शव की पहचान चकाई थाना क्षेत्र के बरमोरिया पंचायत अंतर्गत तेलंगा गांव निवासी सिमोन मुर्मू की बेटी मरियम मुर्मू (18वर्ष) के रूप में की गई। घटनास्थल पर मृतका के पैर में चप्पल और कमर में मोबाइल भी था। मोबाइल लगातार रिंग कर रहा था। पुलिस द्वारा कॉल रिसीव करने पर फोन करने वाला मृतका का भाई क्लिन मुर्मू था जो दुमका से लगातार अपनी बहन को कॉल कर रहा था। भाई के द्वारा ही मृतका की पहचान भी की गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लड़की के शव को गुरुवार की देर शाम को ही पेड़ से लटकता देखा गया था।

पीड़ित का पूरा परिवार झारखंड के जामताड़ा में रहता था। युवती घर पर रहती थी। परिजनों ने बताया कि इसी वर्ष उसने मैट्रिक की परीक्षा दी थी। कुछ स्थानीय सूत्रों के द्वारा बताया गया कि युवती का बरमोरिया पंचायत के ही बाराकोला गांव के एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था और घंटों उसके साथ बात किया करती थी। इधर, परिजनों के द्वारा थाने में प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। हालांकि पुलिस अभी इस घटना की जांच कर रही है। जांच के बाद ही सच्चाई का पता चल सकेगा। इधर सूचना मिलते ही चकाई थानाध्यक्ष राजीव कुमार व अवर निरीक्षक संजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और युवती का मोबाइल जब्त कर लिया है।

जल्द होगा खुलासा

प्रथम दृष्टया यह घटना प्रेम-प्रसंग में हत्या किए जाने का ही प्रतीत होता है। लेकिन पुलिस इस घटना के अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है। जांच में जो भी सामने आएगा उस दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
-भास्कर रंजन, एसडीपीओ, झाझा

पेड़ से लटका शव देख गांव में पसरा सन्नाटा

पेड़ से झूलते युवती का शव देख कर पूरे गांव में मरघटी सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं इस घटना से भयभीत स्थानीय ग्रामीण इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहे है। ग्रामीण इस कदर डरे सहमे हैं कि वे अपना नाम तक बताने से घबरा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में मरियम जो बरमोरिया पंचायत के तेलंगा गांव की निवासी थी उसे गुरुवार की सुबह बाराकोला में देखा गया है। इसी गांव के एक युवक से उसका प्रेम संबंध था। मौत का कारण भी इसी को माना जा रहा है। पिता एवं थानाक्षेत्र के तेलंगा निवासी सिमोन सोरेन द्वारा चकाई थाने में बाराकोला निवासी सामेल टुडू के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई।

हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं की जांच

चकाई थाना की पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन इस घटना से जुड़े कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं जो इसे हत्या की ओर ले जा रही है। घटना को लेकर सवाल यह उठता है कि युवती को अगर आत्महत्या करना था तो फिर वह घर के आस-पास भी कर सकती थी। अपने घर से 12 किलोमीटर दूर आकर क्यों करेगी? ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार को युवती को फोन आया था। उसके बाद सुबह के करीब 10 बजे के आस-पास युवती गांव से बाहर निकल गई थी। ऐसे में वह फोन किसका था और युवती किससे घंटों बात करती थी। यह मोबाइल का कॉल डिटेल निकालने के बाद ही पता चल सकेगा? जिस जगह घटना घटी है वहां युवती का काेई रिश्तेदार भी नहीं रहता है। जिससे मिलने के लिए वह इतनी दूर चलकर आई होगी। ऐसे में लोग आशंका जता रहे हैं कि युवती का प्रेमी उसे यहां बुलाया होगा और फिर उसकी हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया। इस घटना से संबंधित कई अनसुलझे सवाल हैं जिसे सुलझाने में पुलिस जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत कैसे हुई इसका भी पता चल जाएगा।

घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़।

परिजनों ने थाने में हत्या की दर्ज कराई प्राथमिकी, सभी परिजन जामताड़ा में रहते थे, जांच में जुटी पुलिस
खबरें और भी हैं...