शाम होने के बाद पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकती
नगर क्षेत्र के सागर कंप्यूटर केंद्र में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला संगोष्ठी का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्घाटन पटना उच्च न्यायालय के वकील माधुरी कुमारी, ओम प्रकाश शर्मा महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. केके सिंह,आदर्श मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सोनी कुमारी, रश्मि कुमारी, शिल्पी कुमारी के द्वारा संयुक्त रूप से किया । मौके पर डॉ. केके सिंह ने कहा कि आज के इस अत्याधुनिक युग में महिलाएं पुरुषों से आगे बढ़ने के कगार पर है । आज महिलाएं हर विधा में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए परचम लहरा रही है। पटना उच्च न्यायालय की वकील माधुरी कुमारी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान को लेकर कानून में कई तरह की नियम बनाए गए हैं जिसका हमलोगों को अनुपालन करने के लिए आम महिलाओं में जागरूकता अभियान चलाना होगा। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि कोई भी पुलिस हमें शाम होने के बाद और सुबह होने के पहले गिरफ्तार नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला आर्थिक रूप से कमजोर है और उसके साथ किसी तरह की प्रताड़ना हो रही है तो सीधे थाना में जाकर आवेदन दें ।यदि थाना केस नहीं लेती है तो नजदीक के न्यायालय में जाकर अपना उपस्थिति दर्ज करा दें। आपको सरकार के द्वारा वकील की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में रश्मि कुमारी, शिल्पी कुमारी, सोनी कुमारी समेत कई बच्चियों ने भी अपना ओजपूर्ण भाषण देते हुए महिलाओं के सम्मान में बातें रखी. मौके पर पप्पू सिन्हा, सुनील निराला के अलावा सीबीएसई बोर्ड झारखंड टॉपर अंकिता सिन्हा ,श्रेया सिंह ,श्रेया कुमारी, प्रिया सहित कई लोग मौजूद थे।
संगोष्ठी में भाग लेतीं महिलाएं और छात्राएं।