पुलिस ने की सवारी वाहनों की जांच, वसूला जुर्माना
शुक्रवार को स्थानीय पुलिस ने सोनो चौक पर वाहन जांच अभियान चलाकर वाहन चालकों से जुर्माना वसूला। एसआई मृत्युंजय कुमार पंडित ने बताया कि सोनो चौक पर सवारी वाहनों और दोपहिया वाहनों के अवैध पार्किंग से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को सख्त हिदायत देते हुए वाहनों को हटाने का निर्देश दिया। वहीं कुछ सवारी वाहनों का चालान भी काटा गया। पुलिस के इस अभियान से सवारी वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और वे सड़क से अपने-अपने वाहनों को हटाते दिखे। वहीं आम लोगों ने पुलिस से इस अभियान को जारी रखने का अनुरोध किया ताकि लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल सके।बता दें कि एनएच 333 के सोनो चौक पर वाहन खासकर सवारी वाहनों के अवैध पार्किंग से अक्सरहां जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आम लोगों सहित स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।