- Hindi News
- National
- Sono News Sono39s Blo Is Falling Victim To Cyber Fraud Phone Is Being Made For Two Days
साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं सोनो के बीएलओ, दो दिन से किया जा रहा है फोन
साइबर ठग इन दिनों सोनो के मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों (बीएलओ) को अपना निशाना बना रहे हैं। बीते दो दिनों से लगातार बारी बारी से बीएलओ को फोन किया जा रहा है।
उनसे इस तरह से बात की जाती है जैसे उसे बीएलओ के कार्यों की पूरी जानकारी हो। बातों में उलझा कर उनसे एकाउंट व ओटीपी की जानकारी मांगी जाती है और उसके बाद उनके खाते से राशि की निकासी हो जाती है। प्रखंड के कुछ बीएलओ इस साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। बता दें कि प्रखंड में कुल 149 बीएलओ कार्यरत हैं। अपने को प्रखंडस्तरीय पदाधिकारी बता बीते दो दिनों से मोबाइल नंबर 7764830804 व 7091277695 से साइबर ठगों ने तकरीबन सभी बीएलओ को फोन किया। उनके पास इन बीएलओ की पूरी जानकारी है। मसलन नाम, पदनाम,बूथ नंबर मोबाइल नंबर आदि। साइबर ठग इनसे एनीडेस्क मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करने कहता है जिसका उपयोग बीएलओ डाटा ऑनलाइन के लिए करते हैं। फॉर्म 6, 7 की बात करता है। बीएलओ का मानदेय भुगतान की बात कर,उन्हें बातों में उलझा कर उनसे अकाउंट नंबर और ओटीपी की मांग करता है और जैसे ही बीएलओ उसे ओटीपी बताते हैं खाते से राशि की निकासी हो जाती है। प्रखंड के कई बीएलओ इसके शिकार हो चुके हैं पर खुशकिस्मत रहे कि उनके खाते से अधिक राशि की निकासी नहीं हो पाई। बीएलओ अब सचेत हो चुके हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी को मामले की जानकारी दे दी गई है।
सचेत रहने की है जरूरत
ऐसे मामलों में बीएलओ सहित सभी को सचेत रहने की जरूरत है। किसी भी परिस्थिति में कभी अपना खाता नंबर, एटीएम, ओटीपी किसी को भी नहीं बताए। साथ ही पुलिस की मदद लें।
रविजी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सोनो