जमुई में मिला कोरोना का संदिग्ध मरीज, भागलपुर भेजा
सदर अस्पताल में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमित एक संदिग्ध मरीज मिला। जिसे जांच को लेकर मेडिकल कॉलेज भागलपुर भेज दिया गया है। अस्पताल उपाधीक्षक डाॅ. नौशाद अहमद ने बताया कि मुंगेर जिला के संग्रामपुर निवासी सुवंत कुमार(34 वर्ष) होली में ससुराल जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड क्षेत्र के नजारी गांव आया था। इसी दौरान वह सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित हो गया।
शुक्रवार की सुबह शहर के चिकित्सक डाॅ. ठाकुर ओमप्रकाश के क्लीनिक में भी इलाज कराने पहुंचा। जहां आवश्यक जांच के बाद चिकित्सक ने कोरोना बीमारी के लक्षण को लेकर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि उक्त व्यक्ति मधुबनी जिले के फुलपरास प्रखंड मुख्यालय में कार्यरत है। डीएस ने बताया सूबे के किसी भी जिला में ऐसे बीमारी के मरीज अभी तक नहीं मिले हैं। एक संदिग्ध को भागलपुर मेडिकल कॉलेज जांच केंद्र भेजा गया है।
कोरोना को लेकर डाॅक्टर अाैर स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टी रद्द, सभी शिक्षण संस्थान बंद
भास्कर न्यूज| जमुई
राज्य सरकार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर कोरोना से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव दीपक कुमार ने एसपी डॉ. इनामुलहक मेंगनु, डीडीसी अरुण कुमार ठाकुर, सिविल सर्जन विज्येंद्र सत्यार्थी के साथ समीक्षा करते हुए जिला अस्पताल में कोरोना से निपटने के तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही सभी शैक्षणिक संस्थान को बंद करने का भी निर्देश दिया। हालांकि इस दौरान विद्यालय में शिक्षक गैर शैक्षणिक कार्य करेंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद डीएम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सरकार के निर्णय का शत प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। इस बावत शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है। इधर सिविल सर्जन ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर चिकित्सक सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। इसके अलावा आइसोलेशन वार्ड को पूरी तरह दुरूस्त किया गया है। राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा एन 95 मास्क, थ्री लेयर मास्क भी उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए एएनएम, आशा कार्यकर्ता को निर्देशित किया गया है।
आईसोलेशन वार्ड में तैनात स्वास्थ्यकर्मी।