दबंगों ने विधवा की 10 डिसमिल जमीन पर कर लिया कब्जा
प्रत्येक शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में आयोजित जनसंपर्क दिवस कार्यक्रम में बरहट थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव की रहने वाली गीता देवी ने एसपी डॉ. इनामुल हक मेंगनू से गुहार लगाते हुए बताया कि वह एक विधवा महिला है। जिसे रहने के लिए उसके पिता द्वारा महिला को 10 डिसमील जमीन केवाला किया गया था। उसके बावजूद बगल के ही रघु रविदास, आशो रविदास सहित अन्य लोगों द्वारा जबरन उसके जमीन को हड़पने की नियत से उसे बांस बल्ले के जरिए घेरा जा रहा था। वहीं, जब महिला ने इसका विरोध किया तो दबंगों द्वारा मारपीट किया गया। जिसमें महिला घायल हो गई। घायल महिला ने एसपी के जनसंपर्क दिवस में पहुंचकर न्याय कि गुहार लगाई है। सोनो थाना क्षेत्र के कुंआबांक गांव निवासी अबोद यादव ने एसपी से गुहार लगाते हुए बताया कि उसका एक एकड़ से अधिक जमीन है। जिसका दस्तावेज भी उसके पास मौजूद है। उसके बावजूद गांव के दबंग प्रवृति के गोपी यादव, विशु यादव, जबरन उसे हड़पने की नियत से उसे प्रताड़ित कर रहा है। मलयपुर थाना क्षेत्र के देवाचक गांव की महिला शांति देवी ने बताया कि गांव के अपराधी प्रवृति के राजू यादव, सहदेव यादव सहित आधा दर्जन से अधिक लोग 9 मार्च को हथियार लेकर जबरन उसके घर में घुस गया और उसे घर नहीं खाली करने पर पति व पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा।
वहीं पीड़ित ने एसपी से जांच कर अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसपी के जनसंपर्क दिवस कार्यक्रम में ज्यादातर जमीनी
विवाद पहुंचा जिसे एसपी ने बारी-बारी से सुनने के बाद सबंधित थानाध्यक्ष से बात कर उसे जल्द निपटारे का आदेश दिया।