90% तेलहन व दलहन की फसल को हुई क्षति
लगातार हो रही वर्षा के कारण जिले में रबी फसलो की हुई भारी बर्बादी के बाद जिलाधिकारी नवीन कुमार ने विभाग के चुनिंदा अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों के साथ शनिवार को एक आपात बैठक कर हालात की समीक्षा की। स्थानीय सांसद चंदेश्वर प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कृषि समन्वयकों व अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ ताजा स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने बताया गया कि दलहन एवं तेलहन में 90 प्रतिशत की क्षति आकी गई है। गेहूं का नुकसान भी फिलहाल पचास प्रतिशत से अधिक का आकलन किया गया है। सभी किसान समन्वयक एवं किसान सलाहकार को निदेश दिया गया कि वे पंचायत में स्थलीय निरीक्षण कर आकलन करते हुए क्षति संबंधी प्रतिवेदन प्रखंड कृषि पदाधिकारी के माध्यम से जिला कृषि पदाधिकारी को तुरंत उपलब्ध कराएं। जिला कृषि पदाधिकारी प्राप्त प्रतिवेदन को तुरंत जिला पदाधिकारी को उपलब्ध करायेंगे।
योग्य किसानों को मिले क्षति का मुआवजा
स्थानीय सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया जो योग्य किसान हैं यानि जिनकी फसल सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, वैसे किसानो को ही फसल क्षति का लाभ मिले। उन्होंने किसानों की अन्य समस्याओं को भी शीघ्र दूर करने की सलाह दी। सांसद ने कहा कि प्रकृति की मार से किसानों के व्यापक नुकसान से उनकी सरकार बेहद चिंतित है। इस संबंध में सरकार किसानों के हित में हर जरूरी व संभव निर्णण लेगी।