- Hindi News
- National
- Jehanabad News Anganwadi Centers Along With All Government And Educational Institutions Will Remain Closed Till 31st
31 तक सभी सरकारी व शिक्षण संस्थानों के साथ आंगनबाड़ी केन्द्र भी रहेंगे बंद
कोरोना वायरस के प्रकोप से बचने के लिए सरकार के आदेश के आलोक में जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों व आंगनबाड़ी केन्द्रों को आगामी इकतीस मार्च तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। इस दौरान सभी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी। जिला प्रशासन के द्वारा जारी निर्देश के आलोक में इकतीस मार्च तक जिले के सभी चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस व सिविल सर्जन को अपने-अपने विभागों से संबंधित आदेशों को शत प्रतिशत अनुपालन करने के आदेश दिए गए हैं। इसके पूर्व राज्य के मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर जिलाधिकारी नवीन कुमार को जिले में कोरोना वायरस को ले व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने तथा उक्त आशय के सरकारी निर्णय से अवगत कराते हुए इस पर पूरी तरह अमल करने का आदेश दिया। जिला प्रशासन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद कई प्रकार के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा पुलिस विभाग को शनिवार को चौकीदारों का परेड आयोजित कर उन्हें काेरोना वायरस पर अपने-अपने इलाकों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इकतीस मार्च तक जिले के सभी पार्क, सिनेमा हाॅल व टाउन हॉल को बंद करने का सख्त निर्देश जारी किया गया है। इसके अलावा जिले में आयोजित होने वाले सभी तरह के सरकारी प्रशिक्षण, कार्यशाला व उन्नमुखीकरण के कार्यक्रमों के अलावा वैसे सभी कार्यक्रमों पर पाबंदी लगा दी गई है, जहां अधिक भीड़ होने की संभावना है। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने इस आशय का आदेश जारी करते हुए उस पर सख्ती से अमल के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है। सरकार के ताजा निर्देश के बाद जिले की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लगता दिख रहा है।