बारिश से रबी के अलावा गेहूं की फसल को भी भारी नुकसान
जिले के कई प्रखंडों में बारिश ने किसानों की उम्मीदों को धो डाला है। मखदुमपुर प्रखंड में शुक्रवार की देर शाम से आये तेज आंधी के साथ आई बारिश ने किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। खेतों में लगे गेहूं सरसों चना अरहर मसूर समेत कई फसलों को काफी नुकसान हुआ है। साथ ही तेज आंधी रहने के कारण गेहूं सरसो एवं अरहर की फसल को भी व्यापक नुकसान हुआ है। पहले धान के समय बारिश आने से चालीस प्रतिशत से अधिक धान खेत में ही रह गए थे और अब रबी के मौसम में लगातार बारिश होने से उपजी हुई फसल भी खेत में रह गई है। प्रखंड के आकोपुर के किसान साधु शरण शर्मा बताते हैं कि बेमौसम इस तरह जोरदार बारिश होने से किसानों का सबकुछ लूट गया है। कुछ दिन पूर्व तेज धूप रहने के कारण किसान अपने गेहूं का पटवन कर लिए थे। लेकिन इसी बीच बारिश और तेज आंधी से गेहूं के फसल बर्बाद हो गए हैं। प्रखंड के सबदलपुर गांव के किसान बबलू शर्मा बताते हैं मसूर की फसल कट रहा था अब बारिश होने से मसूर के खेत में पानी भर गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत उनकी मदद करनी चाहिए।
हुलासगंज : पिछले दो दिनों की बारिश से किसानों की रबी फसलों का काम तमाम कर दिया है। भारी बारिश से गेहूं की फसल भी पूरी तरह बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है। हवा चलने के कारण गेहूं का फसल खेत में गिर गए हैं। इससे उसमें दाने पड़ने की संभावना भी ना के बराबर रह गई है। अधिकांश जगह गेहूं धूप उगते ही पीली पड़ जाएगी। इस संबंध में किसान शैलेंद्र शर्मा का कहना है कि इस वर्ष रबी की फसल अच्छी थी लेकिन प्राकृतिक प्रकोप के कारण बर्बाद हो गया। इमादपुर के रजनीश कुमार, नरमा के अरुण कुमार, सुल्तानपुर के पमपम पांडेय, लाट के लखन सिंह सलेमपुर के संजीव कुमार कोकरसा के शैलेंद्र कुमार आदि ने बताया की बारिश के कारण उन लोगों को ऐसा नुकसान हुआ है कि वे इससे उबर भी पाएंगे की नहीं, पता नहीं।
बारिश के बाद मुहल्लों की सड़कों की दयनीय हालत।